साहिबगंज में अपराधियों ने गोली मारकर शुक्रवार की रात मुफस्सिल थाना क्षेत्र के महादेवगंज पीर टोला निवासी पशुपति यादव के पुत्र राजेंद्र यादव उर्फ कैला यादव की हत्या कर दी। घटना उसी थाना क्षेत्र के बलुआ दियारा में हुई। बलुआ दियारा में राजेंद्र यादव का बथान है। वह रात में वहीं सोता था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। फिलहाल शव सदर अस्पताल में रखा है। पोस्टमार्टम की तैयारी चल रही है। पुलिस आरोपितों की धड़-पकड़ के लिए छापेमारी भी कर रही है। बताया जाता है कि राजेंद्र यादव के बेटे का बलुआ दियारा के कुछ लोगों से दिन में विवाद हुआ था। इसी में राजेंद्र यादव भी गया था। बाद में मामला शांत हो गया था। सूत्रों की मानें तो इसी खुन्नस में उसकी हत्या की गई है। राजेंद्र यादव किसान था। घटना के बाद स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो महीने पहले भी इलाके में हुई हत्या 

गौरतलब हो कि 27 मई की शाम अपराधियों ने महादेवगंज निवासी रवींद्र यादव की हत्या बलुआ दियारा के समीप पत्थर घाट पर गोली मारकर कर दी थी। रवींद्र यादव पत्थर घाट पर मछली मारने के लिए गिराए गए जाल को देखने गया था। इसी दौरान पहुंचे आधा दर्जन अपराधियों ने उसे गोली मार दी थी, जिस कारण घटनास्थल पर ही रवींद्र की मौत हो गई थी। भूमि विवाद में उसकी हत्या की बात सामने आई थी। हालांकि, आज तक आरोपित नहीं पकड़े जा सके।

पिछले एसपी के योगदान के दिन भी हुई थी घटना

करीब तीन साल पूर्व जब एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा ने यहां का पदभार संभाला था। तब भी अचानक आपराधिक घटनाएं बढ़ गई थी। उन्होंने जिस दिन योगदान किया था, उसी दिन एक जेलकर्मी को अपराधियों ने गोली मार दी थी। आपराधिक घटनाओं में अचानक वृद्धि हो गई थी। हालांकि, बाद में सब कुछ ठीक हो गया।