बीजिंग । वैज्ञानिकों ने एशिया का सबसे ऊंचा पेड़ खोजा है, जो कि चीन में मिला है। शोधकर्ताओं ने बताया है कि यह पेड़ साइप्रस का है, जिसकी ऊंचाई 335 फीट है और व्यास 9.6 फीट है। बता दें कि न्यूयॉर्क के स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी से भी बड़ा यह पेड़ दुनिया का दूसरा सबसे ऊंचा पेड़ है। 
चीनी विश्वविद्यालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, विशाल पेड़ की खोज मई में चीन के तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में बोम काउंटी, निंगची शहर में यारलुंग ज़ंग्बो ग्रांड कैन्यन प्रकृति रिजर्व में पेकिंग विश्वविद्यालय की शोध टीम द्वारा की गई थी।पिछले एक साल में वैज्ञानिकों ने तिब्बत में सबसे ऊंचे पेड़ के रिकॉर्ड को कई बार बदला है।  पिछले साल अप्रैल के महीने में वैज्ञानिकों ने तिब्बत की मेडोग काउंटी में 252 फीट का एक पेड़ खोजा था। इसके बाद अक्टूबर महीने में 274 फीट ऊंचा पेड़ खोजा गया था। हालांकि अब इस नए पेड़ की खोज के बाद एक बार फिर सबसे ऊंचे पेड़ के एशियाई रिकॉर्ड को अपडेट किया गया है।
वैज्ञानिकों ने पेड़ की ऊंचाई नापने के लिए ड्रोन सहित कई तकनीकों का इस्तेमाल किया और फिर पेड़ के 3डी पॉइंट क्लाउड मॉडल तैयार किया। दरअसल, 3डी पॉइंट क्लाउड किसी भी चीज की अत्यधिक सटीक डिजिटल रेकॉर्ड होता है, जिससे शोधकर्ताओं को वस्तु के विभिन्न आयाम और आकार के बारे में पता चल जाता है।  वैज्ञानिकों ने इसके अलावा इसी क्षेत्र में और कई बड़े पेड़ों की खोज की बै। इनमें से 50 पेड़ 279 फीट और 25 पेड़ 295 फीट से भी अधिक ऊंचे पाए गए। सैंकड़ों फीट ऊंचा यह साइप्रस पेड़ खास है क्योंकि इसी जड़े पूरी तरह से धरती में नहीं हैं।  
वर्तमान में दुनिया का सबसे ऊंचा पेड़ अमरीका के कैलिफोर्निया में हाइपेरियन है। यह पेड़ सैंकड़ों साल पुराना है, जिसकी ऊंचाई 380 फीट है। रेडवुड प्रजाति के इस पेड़ की खोज साल 2006 में हुई थी।बता दें कि यरलुंग त्संगपो ग्रेंड कैन्यन विश्व की सबसे गहरी घाटी है। हालांकि अभी इस पेड़ की प्रजाति स्पष्ट नहीं हो पाई है। इससे पहले एशिया का सबसे बड़े पेड़ का खिताब मलेशिया के येलो मेरांती पेड़ के पास था।