तालझारी थाना क्षेत्र के मसकलैया सुखसेना घाट निवासी जयदेव मंडल और उसकी पत्नी पिंकी देवी ने बुधवार को आपसी विवाद में कीटनाशक खा लिया। इससे दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में स्वजन दोनों को लेकर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे तथा भर्ती करवाया, जहां इलाज के क्रम में पिंकी देवी की मौत हो गई। जयदेव मंडल का इलाज चल रहा है।

पति के मोबाइल पर देख ली थी किसी और की तस्‍वीर

बताया जाता है कि पिंकी देवी ने पति के मोबाइल में एक महिला का फोटो देख लिया, जिससे उसे शक हो गया कि उसका संबंध उस महिला के साथ है।

इस वजह से विवाद बढ़ गया और पिंकी ने कीटनाशक खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। पिंकी देवी को जहर खाते देखकर जयदेव ने भी अपने आप को सही साबित करने के लिए कीटनाशक दवा खा ली। इसके बाद दोनों की स्थिति बिगड़ने लगी। दोनों छटपटाने लगे।

दोनों की है तीन साल की एक बेटी 

जब उनके परिवार की ही एक महिला ने पति-पत्नी से पूछताछ की, तो दोनों ने जहर खाने की बात कही। इसके बाद महिला ने दोनों पति-पत्नी को 108 एम्‍बुलेंस से इलाज के लिए साहिबगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

इलाज के क्रम में देर शाम पिंकी देवी की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार को कराया जाएगा। सूचना मिलने पर जिरवाबाड़ी ओपी की पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। दंपती की एक बेटी मात्र तीन साल की है। जयदेव मंडल केरल में काम करता था। कुछ दिन पूर्व ही यहां आया था।