जिरवाबाड़ी ओपी से बुधवार को एक चौंकानेवाला मामला सामने आया है। आजादनगर निवासी 41 वर्षीय विभा देवी ने समलापुर में किराए के मकान में रहने वाली आशा देवी और उसके पति वरुण सिन्हा पर धोखाधड़ी कर पति अनुज चौरसिया के खाते से यूपीआई के माध्यम से एक लाख 75 हजार रुपया अपने खाते में ट्रांसफर करने, धोखा देकर उसकी जमीन अपने नाम कराने, कागज पर हस्ताक्षर कराकर 40 हजार का लोन निकालने, जेवर लेने सहित कई आरोप लगाए हैं।

नशीला पदार्थ खिलाकर की ठगी

विभा देवी ने पुलिस को बताया कि वह मूलत: मिर्जाचौकी की रहने वाली हैं। उसके पति अनुज चौरसिया फौज में हैं। वह अरुणाचल प्रदेश में पदस्थापित हैं। विभा देवी आजादनगर में घर बनाकर तीन बच्चों के साथ रहती हैं। आशा देवी उनके यहां दाई का काम करती थी। इसी क्रम में उसने नशीला पदार्थ खिलाकर उनके मोबाइल के यूपीआई से एक लाख 75 हजार रुपया अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया। इसके अलावा कुछ कागजात पर भी हस्ताक्षर करा लिए। अब उस कागजात के सहारे आशा देवी व वरुण सिन्हा उसके घर पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं।

आरोपित महिला ने सफाई में कही ये बात

उधर, थाना पहुंची आशा देवी व उसके पति वरुण सिन्हा ने बताया कि विभा देवी ने उससे 10 लाख रुपया कर्ज लिया था। आशा देवी ने बताया कि वह पूर्व में विभा देवी के यहां काम करती थी। ऐसे में विभा देवी ने बताया कि उन्‍हें कुछ पैसों की जरूरत है, तो उसने अपने रिश्तेदारों से लेकर उन्‍हें 10 लाख रुपया दिया। विभा देवी ने जमीन के पेपर पर कर्ज लिया था। उसके पास नोटरी से सत्यापित दस्तावेज भी हैं।

मामले की चल रही है जांच

इस मामले को सुनकर जिरवाबाड़ी ओपी प्रभारी चिरंजीत प्रसाद भी चकरा गए। उन्होंने विभा देवी की शिकायत दर्ज कर उसकी छानबीन शुरू कर दी। इस क्रम में आशा देवी व उसके पति वरुण सिन्हा से पूछताछ भी की। हालांकि, वह किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सके। बताया जाता है कि आशा देवी समलापुर में रविकांत सिंह के मकान में किराये पर रहती है।