वाशिंगटन । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने व्हाइट हाउस के बाहर भारतीय-अमेरिकन लोगों को संबोधित कर कहा कि मैं 30 साल पहले अमेरिका आया था, तब मैंने व्हाइट हाउस को बाहर से देखा था। लेकिन आज यहां के भारतीयों के लिए व्हाइट हाउस को खोल दिया गया है। इसके लिए पीएम ने राष्ट्रपति बाइडेन को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति बाइडन के साथ अपने संबोधन में कहा, हम दोनों देश अपनी विविधता पर गर्व करते हैं, हम दोनों ही सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के मूल सिद्धांत में विश्वास करते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के आधिकारिक स्वागत का गवाह बनने के लिए बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय बूंदाबांदी के बीच व्हाइट हाउस के साउथ लॉन में जमा थे। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और अमेरिका के समाज और व्यवस्थाएं लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित हैं और दोनों देशों का संविधान तीन शब्द ‘‘ वी द पीपल से प्रारंभ होता है जिसकी चर्चा राष्ट्रपति बाइडन ने की है। 
पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय समुदाय के लोग अपनी कड़ी मेहनत और समर्पण के जरिये अमेरिका में भारत का गौरव बढ़ा रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा, आज वहाइट हाउस में शानदार स्वागत सम्मान एक प्रकार से 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह अमेरिका में रहने वाले करीब 40 लाख भारतीय मूल के लोगों का भी सम्मान है। इसके लिए मैं अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन और प्रथम महिला जिल बाइडन का आभार प्रकट करता हूं।