झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार को हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है। राजधानी के कुछ इलाकों में मंगलवार को भी हल्की वर्षा हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक रांची व आसपास इलाके में मध्यम दर्जे कि वर्षा हो सकती है।

वहीं, दस सितंबर के बाद गर्जन के साथ वर्षा होने की संभावना है। इसके साथ ही राज्य के कुछ जिलों में बुधवार को गर्जन के साथ वर्षा हो सकती है।

मौसम केंद्र के प्रभारी ने कहा कि मॉनसून का एक टर्फ राज्य के पूर्वी हिस्से से अभी गोरखपुर, पटना, हजारीबाग होते हुए बंगाल की खाड़ी जा रहा है। एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी है। इससे अगले कुछ घंटे में एक लो प्रेशर बन सकता है।

जमशेदपुर में बीते दो दिनों से झमाझम वर्षा हो रही है। मंगलवार को भी दिनभर आसमान में बादल छाए रहें। वहीं, शाम के बाद झमाझम वर्षा शुरू हुई जो देर रात तक जारी रही। वहीं, बुधवार को जन्माष्टमी पूजा है। ऐसे में मौसम विभाग ने वर्षा होने की संभावना जताई है।

हालांकि, जन्माष्टमी के मौके पर लगभग हर साल वर्षा होते देखा गया है। शहर में बीते 48 घंटे के अंदर 66 एमएम वर्षा दर्ज की गई है। लगातार वर्षा होने से तापमान में भी बीते तीन दिनों में सात डिग्री सेल्सियस की गिवारट दर्ज की गई है।

भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, 6 से 8 सितंबर तक शहर में जोरदार वर्षा होने की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

पलामू ,गढ़वा व लातेहार में वर्षा नहीं होने के कारण तापमान में एक डिग्री सेल्सियस से अधिक बढ़ोतरी आई है। अधिक तापमान में 1.1 डिग्री व न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत नहीं मिली। आज भी यहां गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।  

आज कोडरमा में बुधवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, कई इलाकों में हल्के गरज के साथ मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। अगले पांच दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 

चतरा में भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। दोपहर के बाद वर्षा की संभावना है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान मंगलवार की तरह ही यथावत रहेगा।