वाराणसी में बुधवार सुबह की शुरुआत बादलों की आवाजाही से हुई। नम हवाओं के कारण मौसम सुहाना हो गया। झमाझम बारिश की उम्मीद थी लेकिन बूंदाबांदी तक नहीं हुई। इससे निराशा हाथ लगी। बहरहाल, बादलों के आवाजाही के कारण उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

सुबह 10 बजे के भगवान भास्कर के दर्शन हुए। सूरज की तपिश गायब रही लेकिन उमस बढ़ गई। इसके बाद से धूप-छांव का खेल चल रहा है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले दो दिन इसी तरह का मौसम रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। बदलते मौसम के मिजाज के कारण तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।

मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.6 और न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बदलते मौसम का असर लोगों की सेहत पर पड़ रहा है। जिले के अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना आने वाले मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. ने बताया कि एक दो दिन मौसम ऐसा ही रहेगा। हवा में नमी के साथ ही बूंदाबांदी के भी आसार हैं।