इंटरनेशनल : रूस में प्राइवेट आर्मी वैग्नर के चीफ येवेनी प्रीगोझिन से बेलारूस के राष्ट्रपति लुकांशेंको ने बात की है। प्रीगोझिन ने लुकांशेंको के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है। बेलारूस के राष्ट्रपति लुकांशेंको ने समहति का दावा करते हुए कहा कि प्रीगोझिन ने प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया है और रूस में एक्शन रोकने पर सहमत हो गए हैं। खबरों के मुताबिक, वैग्नर आर्मी विद्रोह रोकने पर सहमत हो गई है। वैग्नर के लड़ाके मॉस्को से वापस लौट रहे हैं।

खबरों के मुताबिक, दिनभर बातचीत चलती रही, परिणामस्वरूप, वे रूस के क्षेत्र पर कार्रवाई रोकने पर सहमत हुए। येवगेनी प्रिगोझिन ने बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के रूस में वैगनर कंपनी के सशस्त्र व्यक्तियों की आवाजाही को रोकने और तनाव कम करने के लिए और कदम उठाने के प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया। फिलहाल, वैगनर पीएमसी सेनानियों के लिए सुरक्षा गारंटी के साथ, स्थिति को हल करने के लिए मेज बातचीत के रास्ते को खुला रखा है।

मॉस्को की बढ़ाई गई सुरक्षा
इससे पहले प्रीगोझिन की इस बगावत को सत्ता में दो दशकों से अधिक समय में पुतिन के नेतृत्व के लिए सबसे बड़ा खतरा बताया जा रहा है। प्रीगोझिन की सेना के राजधानी की ओर बढ़ने के बीच मॉस्को के कई हिस्सों में सैन्य ट्रक और बख्तरबंद वाहन देखे गए। इसके दक्षिणी हिस्से में सैनिकों ने चौकियां बनाईं, रेत की बोरियां लगाने के साथ मशीनगन तैनात कर दी हैं। अधिकारियों ने मॉस्को और उसके आसपास के क्षेत्रों में ‘आतंकवाद विरोधी शासन' लागू करने की घोषणा की है, जिसके तहत वहां नागरिकों को हासिल कई अधिकारों को सीमित कर दिया गया है और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।

प्रीगोझिन ने कहा, ‘‘यह कोई सैन्य तख्तापलट नहीं है, बल्कि न्याय के लिये अभियान है।'' प्रीगोझिन ने कहा कि उनकी कमान में 25,000 सैनिक हैं और उन्होंने रूसी सेना से प्रतिरोध न करने का आग्रह किया। प्रीगोझिन ने रोस्तोव-ओन-दोन में सैन्य मुख्यालय में अपना वीडियो पोस्ट किया और दावा किया कि उनकी सेना ने शहर में हवाई क्षेत्र और अन्य सैन्य ठिकानों पर नियंत्रण बना लिया है।

सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो में टैंक सहित सैन्य वाहन सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। टेलीग्राम पर अपने कई संदेशों में से एक में प्रीगोझिन ने कहा, ‘‘हमने अपने रास्ते में एक भी व्यक्ति को नहीं मारा।'' प्रीगोझिन ने यह भी कहा कि उनकी सेना ने ‘‘बंदूक की एक भी गोली चलाए बिना'' सैन्य मुख्यालय पर कब्जा कर लिया। उनके दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।

मॉस्को में मार्शल लॉ लागू
मॉस्को के मेयर ने आगाह किया है कि ‘वैग्नर ग्रुप' की बगावत के कारण कड़ी सुरक्षा के तहत रूस की राजधानी के कुछ हिस्सों में यातायात प्रतिबंधित किया जा सकता है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने शहर के निवासियों से मॉस्को और आसपास के क्षेत्र में आतंकवाद रोधी अभियान के बीच अपने वाहनों का इस्तेमाल करने से परहेज करने को कहा। उन्होंने लोक सेवकों और कुछ औद्योगिक उद्यमों के कर्मचारियों को छोड़कर अधिकांश लोगों के लिए सोमवार को गैर-कामकाजी दिन घोषित किया। प्रीगोझिन की सेना को आगे बढ़ने से रोकने के लिए राजमार्गों के कुछ हिस्सों को भी खोद डाला गया। रेड स्क्वायर तक पहुंच बंद कर दी गई, दो प्रमुख संग्रहालय खाली करा लिए गए और एक पार्क बंद कर दिया गया।

सोबयानिन ने कहा कि शहर की सभी प्रमुख सेवाओं को पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है और निवासियों को किसी भी आपात स्थिति की सूचना देने की सलाह दी गई है। ब्रिटेन के रक्षा मंत्रालय ने खुफिया सूचनाओं का हवाला देते हुए कहा है कि प्रीगोझिन के नेतृत्व वाली निजी सेना मॉस्को से करीब 1,000 किलोमीटर से अधिक दूर दक्षिण में रोस्तोव-ओन-दोन शहर पहुंच चुकी है। इस शहर से रूस यूक्रेन में अपने सैन्य अभियान को संचालित कर रहा है।

‘वैग्नर ग्रुप' के लड़ाके अपने सैन्य साजो-सामान के साथ रूस के लिपेत्सक प्रांत में भी दाखिल हो चुके हैं जो मॉस्को के दक्षिण में 360 की दूरी पर स्थित है। क्षेत्रीय गवर्नर अर्तामोनोव ने टेलीग्राम पर कहा कि बाशिंदों की सुरक्षा के लिए सभी जरूरी कदम उठा रहे हैं। यूक्रेन पर रूस के हमले के ठीक 16 महीने बाद यह नाटकीय घटनाक्रम सामने आया है। द्वितीय विश्व युद्ध के बाद यूरोप के सबसे बड़े संघर्ष में हजारों लोग मारे गए, लाखों लोग विस्थापित हुए और कई शहर मलबे में तब्दील हो गए। यूक्रेन को उम्मीद है रूस की अंदरूनी लड़ाई से उसकी सेना के लिए रूसी सेना द्वारा कब्जा किए गए क्षेत्र को वापस लेने के अवसर पैदा होंगे।

प्रीगोझिन ने भाड़े के लड़ाकों का समूह ‘‘वैग्नर ग्रुप' का गठन किया। उन्होंने लीबिया, सीरिया, कई अफ्रीकी देशों और यूक्रेन में अपने लड़ाकों को लड़ाई में शामिल होने के लिए भेजा। पुतिन के संबोधन के बाद अधिकारियों ने प्रीगोझिन से ‘क्रेमलिन' के प्रति अपनी निष्ठा दोहराने का आह्वान किया और पीछे हटने का आग्रह किया।

पुतिन के समर्थन में आए सांसद
रूस की संसद के निचले सदन के स्पीकर व्याचेस्लाव वोलोदिन ने कहा कि सांसद ‘‘सुरक्षा बलों की एकजुटता के लिए खड़े हैं'' और पुतिन का समर्थन करते हैं। उन्होंने कहा कि ‘‘वैग्नर लड़ाकों को सही विकल्प चुनना होगा। अपने लोगों का साथ देते हुए कानून के पक्ष में रहना होगा, मातृभूमि की सुरक्षा और भविष्य की रक्षा के लिए, कमांडर-इन-चीफ के आदेशों का पालन करना होगा।'' इस बीच, चेचन्या क्षेत्र के नेता रमजान कादिरोव ने पुतिन के प्रति अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया है। कादिरोव ने सेना की आलोचना में प्रीगोझिन का पक्ष लिया था। कादिरोव ने कहा, ‘‘हमारे पास लोगों द्वारा चुना गया प्रमुख कमांडर है, जो स्थिति को किसी भी रणनीतिकार और व्यवसायी से बेहतर जानता है। विद्रोह को कुचलने की जरूरत है।''