एमपी में भाजपा राज में गांवों के लोग जी रहे हैं बदतर जिंदगी: रानी अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष, आप

अनूपपुर के बीजापुरी में एक ही गड्ढे का पानी पी रहे हैं जानवर और गांव के लोग, भाजपा सरकार को तस्वीरें देखकर शर्म भी नहीं आती: रानी अग्रवाल

मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार के विकास के फर्जी हैं और आंकड़े किताबी हैं: आप प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल

भोपाल ।    मध्य प्रदेश में लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया न होने को लेकर आम आदमी पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने 20 सालों में कुछ भी नहीं किया। भाजपा के विकास के सारे दावे खोखले हैं। भाजपा सरकार जुमलों की सरकार है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के नाम पर प्रदेश की भोली भाली जनता को ठगने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 20 सालों से मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार है लेकिन सरकार लोगों को मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं करा पाई।

आप की प्रदेश अध्यक्ष और सिंगरौली महापौर रानी अग्रवाल ने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में गांव के लोग उसी गड्ढे का पानी पीने को मजबूर हैं जिस गड्ढे से मवेशी पानी पीते हैं। उन्होंने कहा कि अनूपपुर के बीजापुरी गांव में 350 के लगभग आबादी है लेकिन किसी जनप्रतिनिधि ने इन लोगों के लिए हैंडपंप लगवाने की व्यवस्था नहीं की। आज भी ये लोग गड्ढे से पानी निकालकर पी रहे हैं और उसी गड्ढे से जानवर भी पानी पीते हैं। गांव में दिखावे के लिए नल तो लगा है पर उस नल से पानी कभी आया ही नहीं। उन्होंने कहा कि गांव तक पहुंचने के लिए सड़क भी नहीं हैं। गांव के लोग नारकीय जीवन गुजारने के लिए मजबूर हैं।

रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार बताए कि क्या इसी राज की उम्मीदें लोगों ने उससे की थीं। क्या भाजपा की नजर में यही रामराज है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को लोगों की परेशानी और समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं हैं। भाजपा के लोग, विधायक सिर्फ अपनी राजनीति चमकाते हैं। वोट लेने के लिए सिर्फ जनता के बीच जाते हैं और चुनाव जीतने के बाद 5 साल तक वापस नहीं जाते हैं।

आप की प्रदेश अध्यक्ष रानी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा के लोग और सरकार विकास को लेकर बड़ी बड़ी बातें और दावे करते हैं लेकिन हकीकत कुछ और है। उन्होंने कहा भाजपा के झूठे विकास और खोखले दावों के खिलाफ अब जनता उड़ खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि जो लोगों को साफ पीने का पानी भी मुहैया न करा सके ऐसी झूठी और जुमलों की सरकार को जनता अबकी बार जवाब देने के लिए तैयार बैठी है। अबकी बार एमपी में बदलाव तय है।