छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत और नगरीय निकाय उपचुनाव के रिजल्ट आ चुके हैं। कवर्धा और चिरमिरी में जहां सत्ताधारी दल कांग्रेस ने जीत हासिल की है, तो वहीं भूपेश सरकार में हुए उपचुनाव में पहली बार बीजेपी ने बिलासपुर में जीत का स्वाद चखा है। रायगढ़ में कमल खिला है। बलौदाबाजार में कांग्रेस प्रत्याशी ने बाजी मारी है। ये उपचुनाव विधानसभा निर्वाचन 2023 का सेमीफाइनल माना जा रहा है।

बिलासपुर जिले में भाजपा के पक्ष में परिणाम आया है। भाजपा पार्षद प्रत्याशी श्रद्धा जैन ने वार्ड 16 विष्णु नगर से जीत दर्ज की है। कांग्रेस-भाजपा दोनों दलों के स्थानीय दिग्गज नेताओं की साख चुनाव में दांव पर लगी थी। लिहाजा, चुनाव परिणाम के साथ ही सियासी घमासान और आरोप- प्रत्यारोप भी शुरू हो गया है। दरअसल, वार्ड 16 विष्णु नगर में पार्षद निधि जैन के निधन के बाद से वार्ड में पार्षद का पद रिक्त था।

बलौदाबाजार जिले में नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार की रिक्त हुए वार्ड क्रमांक 5 के पार्षद पद के लिए मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई। वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस प्रत्याशी धमेंद्र वर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी बीजेपी प्रत्याशी मायाराम को 20 वोट से शिकस्त दी। निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी अनुसार कुल वोट 728 पड़े थे। वार्ड नंबर 5 से कांग्रेस प्रत्याशी धमेंद्र वर्मा इसमें धर्मेंद्र वर्मा को 367 एवं मयाराम को  347 मत मिले। इसके साथ ही 12 मत निरस्त एवं 2 मत नोटा को मिले। इस मौके पर रिटर्निंग अधिकारी कलेक्टर रजत बंसल ने विजयी प्रत्याशी धर्मेंद्र वर्मा को शुभकामनाएं देते हुए निर्वाचन प्रमाण पत्र भेंट किया। 

कवर्धा जिले के वार्ड 19 से कांग्रेस प्रत्याशी श्रद्धा नामदेव 280 मतों से बाजी मारी है। वहीं भाजपा की शैला ठाकुर को 369 और निर्दलीय प्रत्याशी ममता पाली को मिले 3 वोट मिले हैं। 

भरतपुर-मनेंद्रगढ़-चिरमिरी जिले के चिरमिरी वार्ड नम्बर 22 से कांग्रेस प्रत्याशी प्रशांत त्रिपाठी ने जीत हासिल की है। मनेंद्रगढ़ के वार्ड नम्बर 3 में कांग्रेस के सपन महतो को जीत मिली है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अमित चंदेल को पछाड़ दिया है।

राजनांदगांव के डोंगरगढ़ नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत वार्ड नंबर 6 के पार्षद चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की जीत हुई है। वार्ड नंबर 6 के लिए हुए पार्षद पद के उपचुनाव में कांग्रेस के युवा प्रत्याशी कृष्णा लिल्हारे ने भाजपा के रतन कोसे को 39 वोटों से मात दी है। उपचनाव में कुल 295 वोट पड़े थे, जिसमें 164 वोट कांग्रेस के प्रत्याशी के पक्ष में पड़े तो वही 125 वोट भाजपा के पक्ष में पड़े। वहीं 3 वोट नोटा ओर 3 वोट खारिज हुए।

डोंगरगढ़ विधायक भुनेश्वर बघेल ने कहा की इस उपचुनाव में जीत के साथ कांग्रेस ने 2023 विधानसभा चुनाव के लिए आगाज किया है। प्रदेश में उपचुनाव नगरीय निकाय क्षेत्रों में जारी है इसी कड़ी में राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भी वार्ड नंबर 6 के पार्षद के निधन के बाद मतदान हुए, जिसके बाद कांग्रेस प्रत्याशी ने वार्ड नंबर 6 के पार्षद पद पर जीत दर्ज की है। वही जीत के बाद उनके समर्थकों में खुशी की लहर है कांग्रेस से विधायक भुनेश्वर बघेल ने जीत पर खुशी जाहिर करते हुए आभार व्यक्त किया है।

रायगढ़ के नगर निगम वार्ड 27 के लिए हुए उपचुनाव में भाजपा ने शानदार जीत दर्ज की है। भाजपा प्रत्याशी सरिता राजेंद्र ठाकुर 264 वोटों से निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी रानी सोनी को पराजित किया है। निर्दलीय प्रत्याशी योगेश्वरी कुर्रे को 182 वोट मिले हैं जबकि कांग्रेस को 599 और बीजेपी प्रत्याशी को 865 वोट मिले हैं। चुनावी नतीजों के बाद मतगणना स्थल के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल रहा। कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की ढोल नगाड़े बजाए और जीत का जश्न भी मनाया।

सक्ती जिले के बाराद्वार नगर पंचायत वार्ड नंबर 7 के उपचुनाव में बीजेपी उम्मीदवार पंकज सांवड़िया 48 मतों से जीत गए हैं। उन्हें 186 वोट मिले जबकि कांग्रेस उम्मीदवार को 138 मत मिले। 

प्रदेश में नगर पालिका उप निर्वाचन 2022-23 के तहत राज्य के 12 जिलों के 14 नगरीय निकायों में मतदान हुआ था। वहीं राज्य में एक जिला पंचायत सदस्य, 10 जनपद पंचायत सदस्य, 127 सरपंच और 597 पंच सहित 735 रिक्त पदों पर मतदान हुआ था।