मध्यप्रदेश में जारी विकास का क्रम रूकना नहीं चाहिए
भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने विकास के साथ महिलाओं को सम्मान दिया
भाजपा ने एससी-एसटी, व ओबीसी वर्ग हो हमेशा आगे बढ़ाने का कार्य किया
कमलनाथ की सरकार बनी तो बंद हो जाएंगी गरीब कल्याण की योजनाएं


सागर ।  भारतीय जनता पार्टी की डबल इंजन की सरकार ने विकास के नये आयाम स्थापित किए हैं। मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार गरीब, अनसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के कल्याण के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चला रही है। बच्चियों को स्कूल ड्रेस से लेकर साइकिल, टॉप करने पर स्कूटी और लैपटॉप से लेकर जन्म से ही लखपति बनाने की योजनाएं मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार चला रही है। वहीं डबल इंजन की भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को देश के विकसित राज्यों की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया है। अगर मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार नहीं बनी तो यह सभी विकास कार्य अवरूद्ध हो जाएंगे। आप सभी लोग भाजपा प्रत्याशियों को वोट देकर उन्हें प्रचंड मतों से विजयी बनाएं, ताकि फिर एक बार मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बने। यह बात केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने सागर जिले के देवरी विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए कही। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा। उस दिन वोट देने से पहले आप 2003 की तस्वीर जरूर याद रखना, जब कांग्रेस ने पूरे प्रदेश का हाल बेहाल कर रखा था। सड़क, बिजली पानी की समस्याओं से प्रदेश के लोगों को जूझना पड़ता था। आज डबल इंजन की सरकार में विकास ही विकास हो रहा है। 2003 के बाद प्रदेश में हर क्षेत्र में विकास ही विकास आपको नजर आ रहा होगा। यह क्रम नहीं रुकना चाहिए। भाजपा के पास डबल इंजन की सरकार है। जब डबल इंजन की सरकार होती है तो विकास की रफ्तार भी दोगुनी हो जाती है।

कांग्रेस का गरीबों से कोई लेना देना नहीं

केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि कांग्रेस का गरीबों के कल्याण से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ने पिछले 18 सालों में दलितों, युवा और पिछड़ा वर्ग सहित सभी वर्गों के लिए काम किया। जब कांग्रेस सत्ता में थी तो प्रदेश का क्या हाल था और आज कितना अंतर आया है। साध्वी ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया। उन्हें भारत रत्न नहीं दिया। हमने महू से लेकर दिल्ली और लंदन तक बाबा साहेब के नाम पर काम किए। भाजपा ने हमेशा पिछड़ा वर्ग, एससी-एसटी वर्ग को आगे बढ़ाने का का काम किया, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा इन वर्गों का राजनीतिक उपयोग करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कुछ दिन पहले तक राम मंदिर की तारीख पूछते थे। मैं बताना चाहती हूं कि राम मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी को होगा। उज्जैन में महाकाल लोक बनाया गया। केदारनाथ और बद्रीनाथ का जीर्णोंद्धार किया जा रहा। साध्वी ने कहा कि अगर वापस कमलनाथ की सरकार आ गई तो योजनाओं पर ताला लग जाएगा, जैसा 15 महीने की सरकार में कमलनाथ ने किया था। किसानों को परेशान होना पड़ेगा, लाड़ली बहनों को दी जाने वाली राशि बंद हो जाएगी।