कानपुर। पुलिस ने मारे गए गैंगस्टर विकास दुबे के करीबी उमेश त्रिवेदी को गिरफ्तार कर लिया है। वह 2022 में कानपुर देहात जिले में दर्ज रंगदारी व गैंगस्टर एक्ट के मामले में गिरफ्तारी से बच रहा था। वह 2020 के बिकरू मामले के बाद पुलिस की वांछित सूची में था। पूछताछ में उसने बताया कि गैंगस्टर विकास दुबे ने ही उसके हथियार का लाइसेंस बनवाया था, जिसके बल पर उसने रायफल खरीदी थी। 
  एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि उमेश त्रिवेदी के खिलाफ 2022 में रंगदारी का मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने कहा कि उसके खिलाफ कार्रवाई की गई और गैंगस्टर एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। वह तब से पुलिस की गिरफ्तारी से बच रहा था। उस पर 25000 का इनाम घोषित किया गया था और उसे शिवली में मरहमाताबाद हवाई पट्टी के पास एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। वह उन्नाव भागने की फिराक में था। एसपी ने कहा कि पुलिस ने उसकी हरकत पर नजर रखने के बाद मरहमताबाद हवाई पट्टी के पास एक जाल बिछाया था। पुलिस ने जब उसे आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो उसने गोली चला दी। पुलिस घेराबंदी कर उसे पकड़ने में कामयाब रही। एसपी ने उसे गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम को नकद इनाम देने की घोषणा की है।