रांची जिले के खलारी में एक आदिवासी महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद मुस्लिम युवक इरशाद अंसारी ने उसे अश्लील फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इससे तंग आकर महिला ने शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला के देवर ने बताया कि उसकी भाभी ने शुक्रवार को उसे फोन कर बताया कि इरशाद उसे ब्लैकमेल कर रहा है। कुछ महीने पहले भाभी को कुत्ते ने काट लिया था। तब इरशाद भाभी को सुई दिलाने बुढ़मू अस्पताल ले गया था। इसी दौरान इरशाद ने उसकी भाभी से दुष्कर्म किया। उसने इसका वीडियो बना लिया और अश्लील तस्वीरें भी खींची। इसके बाद से इरशाद लगातार अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को परेशान कर रहा था। देवर ने बताया कि शनिवार सुबह इरशाद को समझाने के लिए उसने अपने घर बुलाया था। इस क्रम में उसकी भाभी ने एक कमरे में खुद को बंद कर लिया। अनहोनी की आशंका होने पर दरवाजा तोड़ा गया तो भाभी फांसी के फंदे पर झूलती मिली। आरोपित इरशाद पूर्व में खलारी थाना में निजी ड्राइवर के रूप में काम कर चुका है। पुलिस ने आरोपित इरशाद को गिरफ्तार कर लिया है। महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। महिला अपने तीन छोटे बच्चों के साथ खलारी के जी टाइप में रहती थी। वह दिहाड़ी मजदूरी करती थी, जबकि महिला का पति किसी मामले में एक साल से बेंगलुरु के जेल में बंद है।

सांसद ने कहा- लोकसभा में उठाएंगे खलारी का मामला 

खलारी आए सांसद संजय सेठ और विधायक समरीलाल को जब इस घटना की जानकारी मिली, तो कार्यक्रम बीच में ही छोड़कर डकरा अस्पताल पहुंच गए, जहां महिला का शव रखा था। उन्होंने महिला के देवर से पूरी जानकारी ली। सांसद ने डीएसपी से बात की और कहा कि आरोपित का मोबाइल जब्त कर पूरी जांच हो और दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिले। उन्होंने कहा कि निजी चालक को थाने में कैसे रखा गया, यह जांच का विषय है। सांसद ने कहा कि इस मामले को संसद में उठाएंगे।