रांची। पूरे राज्य में बारिश होने के आसार हैं। यह बारिश 28 जून तक जारी रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार, 25 और 26 जून को राज्य के सभी जिलों में मूसलधार बारिश होगी। रांची मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में लो-प्रेशर बनने की संभावना है। इसके कारण 25 और 26 जून को रांची समेत राज्य के सभी जिलों में मूसलधार बारिश होने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि अभी मानसून झारखंड के गोड्डा जिले को छोड़कर 23 जिलों में सक्रिय है। 25 और 26 जून को गोड्डा में भी अच्छी बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, जुलाई और अगस्त में सबसे अधिक बारिश होगी। जुलाई और अगस्त में 55 प्रतिशत मानसून की बारिश हो जाएगी। पिछले साल की तुलना में अच्छी बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। उन्होंने कहा कि दक्षिण व छोटानागपुर के क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात के साथ 28 जून तक मूसलाधार बारिश होगी।

पड़ोसी राज्यों में भी दिखेगा मानसून का असर

झारखंड के साथ-साथ बंगाल, बिहार, ओडिशा, छत्तीसगढ़ में भी मानसून का असर दिखेगा। शनिवार से झारखंड के साथ सभी पड़ोसी राज्यों में इसका असर देखने को मिलेगा। इस दौरान 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। मौसम विज्ञानी ने बताया कि इस दौरान किसानों को थोड़ी सतर्कता बरतनी पड़ सकती है। वज्रपात लोगों की जान भी जा सकती है।

पेड़ों की कटाई ने बदल दिया मौसम

मौसम वैज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि पेड़ो की कटाई, एसी-कूलर की उपयोग से मौसम में नकारात्मक प्रभाव पड़ा है। लोग मौसम के प्रति जागरूक नहीं है। बदलते मौसम के कारण ही मानसून झारखंड में देर से पहुंचा है। उन्होंने कहा कि दो दिनों से रांची में बारिश हो रही है पर इसका असर राजधानी में नहीं दिखाई पड़ रहा है। यह बदलते मौसम का असर है।