कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा झारखंड के धनबाद में प्रवेश कर गई है। राहुल गांधी के नेतृत्व में धनबाद से भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हुई। इस दौरान भारी तादात में कांग्रेस समर्थक मौजूद रहे।

धनबाद के बाद बोकारो रवाना होगी यात्रा

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आज ये यात्रा धनबाद में हैं और हम इसके बाद इस्पात नगरी बोकारो जाएंगे। ये पंडित नेहरू द्वारा निर्मित स्मारक थे। जब लोग कहते हैं कि हमने 70 साल में क्या किया। भिलाई, राउरकेला, दुर्गापुर, भाखड़ा नांगल, बोकारो, धनबाद, बरौनी, सिंदरी ये सभी भारत के विकास के स्मारक हैं।

मुंबई में समाप्त होगी यात्रा

आपको बता दें कि कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा मणिपुर से शुरू हुई थी। ये यात्रा नगालैंड, अरूणाचल प्रदेश, असम और पश्चिम बंगाल होते हुए झारखंड में प्रवेश कर गई है। भारत जोड़ो न्याय यात्रा लगभग 67 दिनों तक चलेगी। इसका समापन 20 मार्च को मुंबई में होगा।