समाज में बढ़ते कट्टरपंथ का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिर्फ हिंदू दोस्त को जन्मदिवस की बधाई देने पर एक मुस्लिम लड़की को काफिर घोषित कर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है। लड़की के माता-पिता रांची में रहते हैं। माता-पिता को भी निशाना बनाया जा रहा है। उन पर घर छोड़कर चले जाने का दबाव बनाया जा रहा है। परिवार को बदनाम करने के लिए इंटरनेट मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार किया जा रहा है। इससे लड़की की माता की तबीयत बिगड़ गई है। जानकारी के अनुसार सना मुंबई में माडल है। एक महीने पहले उसने अपने एक हिंदू दोस्त को जन्मदिवस की बधाई दी। इससे जुड़ी एक पोस्ट इंटरनेट मीडिया पर डाल दी। इसके बाद कुछ युवकों ने उसे फोन कर दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी दी। सना का कहना है कि उसने अपने दोस्त को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दी। कट्टरपंथियों की नजर में यही गुनाह हो गया। मुझे ट्रोल किया जा रहा है। मेरे पिता का मोबाइल नंबर भी प्रसारित कर दिया गया। उनके नंबर पर धमकी दी जा रही है कि तुम्हारी बेटी काफिर है, गंदी-गंदी बातें कही जा रही है। आप सोसायटी में नहीं रह सकते हैं। घर छोड़कर जाना होगा। सना का कहना है कि एक महीने से लगातार धमकी मिल रही है। उसने बीस दिन पहले मुंबई में पुलिस से शिकायत की। साइबर सेल ने शिकायत दर्ज की है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। धमकी जारी है। उसे 40 अलग-अलग इंटरनेट मीडिया अकाउंट से धमकी मिली है। इधर, रांची की साइबर डीएसपी यशोधरा के अनुसार अब तक रांची पुलिस के पास इससे संबंधित किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। अगर शिकायत आती है तो कार्रवाई की जाएगी।