धनबाद स्टेशन पर यात्रियों के मोबाइल और पर्स उड़ाने की घटनाएं अक्सर घटती रहती हैं। चोर-उचक्कों ने आम यात्रियों के साथ पुलिस को भी अपना टारगेट बनाना शुरू कर दिया है। ताजा उदाहरण बुधवार रात की है, जब एक सिपाही को चोर ने अपना निशाना बनाया।झारखंड पुलिस में सेवारत गढ़वा के कांडी थाना क्षेत्र के रहने वाले सिपाही महावीर राम अपनी पत्नी के साथ धनबाद स्टेशन आए थे। शाम 7:45 पर जबलपुर से हावड़ा जाने वाली शक्तिपुंज एक्सप्रेस से यहां पहुंचे थे।

उन्हें देवघर जाना था। देवघर जाने वाली ट्रेन रात में थी। पति-पत्नी धनबाद स्टेशन के पोर्टिको में बैठकर ट्रेन का इंतजार करने लगे। इस बीच उनकी आंख लग गई। मौका पाकर एक उचक्के ने उनका सामान उड़ा लिया।आरपीएफ गश्ती दल ने पोर्टिको से एक शख्स को सो रहे यात्री का सामान उड़ाते देखा और उसे खदेड़ कर पकड़ लिया।

आरपीएफ ने उसके पास से मोबाइल, चांदी की एक जोड़ी पायल और नगद ₹861 बरामद किया।बरामद संपत्ति का अनुमानित मूल्य लगभग 20,000 है। बाद में भुक्तभोगी पुलिसकर्मी ने धनबाद स्टेशन से सामान चोरी होने की शिकायत की। उनके विवरण के आधार पर पता चला कि चोरी हुआ सामान उनका है।आरपीएफ सब इंस्पेक्टर आभास चंद्र सिंह की लिखित शिकायत के साथ पकड़े गए अपराधी और बरामद सामान जीआरपी को सौंप दिया है।