झारखंड के कुछ जिलों में आज मॉनसून का खास असर दिखेगा। राजधानी रांची समेत विभिन्न इलाकों में इन दिनों वर्षा की वजह से जलमाव की समस्या उत्पन्न हो गई हो। आज भी रांची समेत विभिन्न जिलों में लोग बारिश का अनुभव कर सकते हैं। 

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि रांची में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। वहीं, कुछ जगहों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में भी आज वज्रपात के साथ हल्की या मध्यम दर्जे की वर्षा दर्ज की जा सकती है। 

सभी इलाकों में मेघगर्जन को लेकर अलर्ट

मेघगर्जन और छिटपुट बारिश को लेकर लगभग सभी इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, आज दुमका, साहिबगंज, गोड्डा और पाकुर में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में अत्यधिक वर्षा को लेकर चेतावनी भी जारी कर दी है। 

मॉनसून की वजह से राज्य के लगभग सभी इलाकों के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। आज कोडरमा में भी बादल छाए रहेंगे। कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश होगी।

पलामू में मौसम का हाल

इसके अलावा, पलामू ,गढ़वा व लातेहार में रुक-रुककर हो रही वर्षा के बावजूद अधिक तापमान यथावत है। न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री सेल्सियस की कमी हुई है।

इस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। वर्षा 0.8 एमएम हुई है। शनिवार को अधिकतम तापमान 28.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा। 

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में आज दिन भर आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। दोपहर में उमस परेशान कर सकती है। शाम के समय वर्षा की संभावना है।