राजस्थान में बढ़ते महिला अपराधों और राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त करने पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने गहलोत सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध में राजस्थान नंबर वन है। यहां पिछले 4 साल में महिलाओं के खिलाफ अपराध की 1.09 लाख घटनाएं हुईं हैं। देश में 22% दुष्कर्म के मामले राजस्थान से हैं। इसके बाद भी अपराधियों के खिलाफ कदम उठाने की बजाय सीएम अशोक गहलोत ने राजेंद्र गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया। गुढ़ा ने प्रदेश में महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के खिलाफ आवाज उठाई थी। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बिहार की नीतीश सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अपराध की घटनाएं बढ़ी हैं उनमें बिहार भी शामिल है। बेगुसराय में जो हुआ वह हमारे सामने है, लेकिन सीएम नीतीश कुमार ने इस बारे में एक शब्द भी नहीं बोला है। 

इस बयान से नाराज हुए सीएम गहलोत, राजेंद्र गुढ़ा को किया बर्खास्त

महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सैनिक कल्याण राज्य मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने अपनी ही कांग्रेस सरकार पर सवाल उठा दिए थे। उन्होंने कहा था कि हमें मणिपुर के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। हमें ये बात स्वीकार करनी चाहिए कि हम महिलाओं की सुरक्षा में असफल हो गए। प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं, इसलिए हमें मणिपुर के बजाय अपने गिरेबान में झांकना चाहिए।