झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो रहा है। सोमवार को वर्षा हुई और यह सात सितंबर तक होती रहेगी। राज्य के कई क्षेत्रों में गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे वर्षा की संभावना है। सोमवार को राजधानी में झमाझम बारिश हुई, जिससे मौसम बदल गया है।

इसे लेकर मौसम विभाग द्वारा येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार के अलावा मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहेंगे। राजधानी रांची में भी सोमवार की सुबह से लेकर देर रात तक रुक-रुककर बारिश होती रही। राज्य के अधिकांश जिलों में आसमान में बादल छाए हुए हैं।

मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार रांची, बोकारो, देवघर, धनबाद और गिरिडीह जिलों के कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है। इसे लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

इसी तरह की संभावना हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ और रांची जिले के लिए भी जाहिर की गई है। यहां भी बारिश की संभावना जताई गई है।