अहमदाबाद | 7 मार्च से गुजरात में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शुरू हो रही है और उससे पहले कांग्रेस को झटके पे झटके लग रहे हैं| बीते दिन पोरबंदर से विधायक और कांग्रेस के दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाडिया ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था| उनसे पहले अमरेली के राजुला से पूर्व विधायक अंबरीश डेर ने इस्तीफा दिया और देर शाम तापी जिला कांग्रेस के धर्मेश पटेल ने पार्टी का साथ छोड़ दिया है| अब खबर है कि देवभूमि द्वारका जिला कांग्रेस के दिग्गज नेता मूळु कंडोरिया भी हाथ का साथ छोड़ भाजपा जॉइन करने जा रहे हैं| मूळु कंडोरिया आज ही अर्जुन मोढवाडिया, अंबरीश डेर के साथ भाजपा का भगवा धारण कर सकते हैं| मूळु कंडोरिया ने 2019 में लोकसभा और 2022 में गुजरात विधानसभा का चुनाव कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था, लेकिन कामियाबी नहीं मिली| जानकारी है कि देवभूमि द्वारका जिला कांग्रेस के कई अन्य नेता और कार्यकर्ता भी जल्द ही भाजपा जॉइन कर सकते हैं| एक और कांग्रेस जामनगर-द्वारका लोकसभा सीट पर उम्मीदवार की तलाश कर रही है, वहीं दूसरी ओर एक के बाद एक उसके नेता हाथ का साथ छोड़ते जा रहे हैं| बता दें कि गुजरात कांग्रेस के अब तक 10 दिग्गज नेता हाथ का साथ छोड़ चुके हैं| जिसमें से कई भाजपा जॉइन कर चुके हैं तो कई जल्द ही भगवा धारण कर लेंगे| इन 10 दिग्गज नेताओं में सीजे चावड़ा, चिराग पटेल, चिराग कालरिया, नारण राठवा, संग्राम राठवा, घनश्याम गढ़वी, बलवंत गढ़वी, जोईताराम पटेल, अंबरीश डेर और अर्जुन मोढवाडिया शामिल हैं| जानकारी है कि भाजपा अर्जुन मोढवाडिया को जूनागढ़ लोकसभा सीट से टिकट दे सकती है|