बारां । राजस्थान के बारां में एक पति की दो पत्नियां अपने-अपने हक के लिये एक दूसरे से ही भिड़ गईं। दोनों में जमकर मारपीट हुई। लात घूंसे चले एक दूसरे के बाल नोंचे। और चाकूबाजी भी हुई। दूर खड़ा पति उन्हें देखता रहा। वो कुछ भी नहीं कर पाया। यह घटना आमापुरा गांव की है।
बताया जा रहा है कि दोनों पत्नियां संपत्ति पर हक जमाने के लिए आपस में भिड़ गईं। दोनों में विवाद इतना बढ़ गया कि एक महिला ने दूसरी महिला की नाक, पीठ व पेट पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल महिला की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले में थानाधिकारी रामस्वरूप मीणा ने बताया कि आमापुरा गांव के उम्मेदसिंह मीणा की पहली पत्नी अनीता बाई गांव में रहती है। वह खुद दूसरी पत्नी बिट्टू के साथ बारां में रहता है। दोनों कुछ समय पहले आमापुरा गांव में आए थे। पुलिस ने बताया कि संपत्ति पर बराबरी का हक जताने के लिये शनिवार को बारां से उम्मेदसिंह की दूसरी पत्नी बिट्टू व उसकी पहली पत्नी अनीता बाई के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान आवेश में आकर बिट्टू ने अनीता पर चाकू से हमला कर दिया। इसमें अनिता को नाक, पेट एवं पीठ पर चोटें आई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।