बरहेट (साहिबगंज)। बरहेट थाना क्षेत्र की एक किशोरी की मौत शुक्रवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई। उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।

एक कॉल के बाद घर से निकली लड़की

किशोरी के पिता ने बताया कि गुरुवार रात करीब नौ बजे उसकी बेटी के मोबाइल पर एक काॅल आया जिसके बाद वह घर से निकली। उन लोगों ने एक बाइक की आवाज भी सुनी। लगा कि वह आसपास ही कहीं गई होगी।

देर रात तक नहीं लौटी तो उन लोगों को चिंता हुई और खोजबीन शुरू की। इसी क्रम में शुक्रवार की सुबह वह लौट आयी। घर में बिछावन पर लेटी और कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

हाथ में अकबर का नाम, गले में रस्‍सी के निशान

उन्होंने पुलिस को बताया कि उसका प्रेम प्रसंग तलबड़िया के एक युवक से था। आशंका है कि वहीं उसकी बेटी को बुलाकर ले गया और सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया जिससे उसकी बेटी की मौत हो गई। सूत्रों की मानें तो किशोरी के हाथ व पैर पर मेहंदी से अकबर लिखा हुआ है। गले में रस्सी के निशान भी हैं।

एक आशंका यह भी है कि घटना से क्षुब्ध होकर किशोरी ने स्वयं आत्महत्या कर ली हो। बरहेट थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा। बताया जाता है कि किशोरी अपने प्रेमी के साथ सिदो कान्हु की जयंती पर भोगनाडीह में लगे मेले में गई थी, जहां उसके साथ कुछ लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।