जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि स्वस्थ युवा ही स्वस्थ समाज का आधार हैं। स्कूलों में प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करवाया जा रहा है। विद्यार्थी इसे जीवन में अपनाएं तो वे शानदार स्वास्थ्य प्राप्त करेंगे।  विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर जिले के अजयसर में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विकास कार्यों का शिलान्यास किया। 
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूलों में दूध उपलब्ध करवा रही है। यह एक सराहनीय कदम है।उन्होंने कहा कि भारत एक महान देश है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम विश्वगुरू बन रहे हैं। देश आगे बढ़ रहा है। इसमें शिक्षा का भी अहम स्थान है। देश और प्रदेश में नई शिक्षा नीति लागू हो रही है। इसमें शिक्षण को बेहद प्रभावी तरीके से लागू किया गया है। शिक्षकों को विद्यार्थियों को बताना चाहिए कि हमारे राष्ट्र नायक महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, शिवाजी महान हैं, उन्होंने देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसी तरह भूगोल, गणित और अन्य विषयों को भी प्रायोगिक और सहज, सरल तरीके से समझाना होगा। उन्होंने कहा कि शिक्षक स्कूल में शिक्षण के साथ ही व्यक्तिगत रूप से भी विद्यार्थी से जुड़ें।