झारखंड| संताल के रास्ते झारखंड में प्रवेश करने वाले मानसून का धनबाद आगमन हो गया। बंगाल की खाड़ी के मानसून के कमजोर रहने से अब तक तेज वर्षा का दौर शुरू नहीं हुआ है। जून के मानसून सीजन के 22 दिनों में धनबाद झारखंड के सबसे कम वर्षा वाला जिला बन गया है। यहां सामान्य से 96 फीसद कम वर्षा हुई है।

इस दिन धनबाद में होगी भारी बारिश

एक से 22 जून के दौरान धनबाद में सामान्य वर्षा का ग्राफ 125 मिलीमीटर है, लेकिन 22 दिनों में बारिश का आंकड़ा 5.3 मिलीमीटर तक ही पहुंचा है। अगले दो-तीन दिनों में अरब सागर से होकर मानसून के बादल धनबाद पहुंच सकते हैं। 25-26 जून को धनबाद में भारी बारिश होने की संभावना है।

धूप-छांव के बीच बूंदाबांदी, दोपहर में उमस ने किया परेशान

गुरुवार को सुबह से ही धूप-छांव का आना जाना लगा रहा। दोपहर में बादल छाए और चंद मिनटों में हल्की बूंदाबांदी हुई। दोपहर में तेज धूप और लू जैसे हालात नहीं रहे पर उमस भरी गर्मी ने परेशान किया। शाम में भी उमस बरकरार रही। रात में मानसूनी हवाओं ने राहत दिलायी। मौसम विभाग से जारी अगले पखवाड़े के पूर्वानुमान में 23 से 29 जून के दौरान वर्षा का ग्राफ अच्छा रहने का अनुमान जताया गया है। कुछ जगहों पर भारी वर्षा की भी संभावना है। 30 जून से छह जुलाई के बीच सामान्य वर्षा के आसार हैं।

आज राज्य के सभी स्थानों में बारिश के संकेत

मौसम विभाग से जारी पूर्वानुमान में शुक्रवार को राज्य के लगभग सभी स्थानों में वर्षा की संभावना जतायी गई है। उसके बाद 24 से 26 जून तक गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। इस दौरान गर्जन व वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा।