एनडीए गठबंधन के तहत गिरिडीह संसदीय सीट से चंद्रप्रकाश चौधरी आजसू पार्टी के प्रत्याशी होंगे। आजसू प्रमुख सुदेश महतो की अध्यक्षता में पार्टी के संसदीय बोर्ड की शुक्रवार को हरमू स्थित पार्टी कार्यालय में हुई बैठक में इनके नाम पर मुहर लगी।

इसके बाद चंद्रप्रकाश चौधरी के प्रत्याशी होने की घोषणा की गई। एनडीए गठबंधन के तहत भाजपा ने यह सीट आजसू के लिए छोड़ी है। भाजपा ने अन्य सभी 13 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दी है।

आजसू पार्टी चंद्रप्रकाश पर जताया भरोसा

आजसू पार्टी ने अपने वरिष्ठ नेता चंद्रप्रकाश चौधरी पर भरोसा दिखाते हुए इस बार भी उन्हें टिकट देने का निर्णय लिया। चंद्रप्रकाश ने पिछले लोकसभा चुनाव में भी जीत हासिल की थी। उस समय भी भाजपा ने यह सीट आजसू को दी थी।

संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद सुदेश ने कहा कि विकास का एजेंडा लेकर पार्टी फिर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी जनता उनके प्रत्याशी को मौका देगी।

एनडीए का झारखंड की सभी सीटों पर जीत का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि झारखंड में एनडीए सभी 14 सीटों पर जीत दर्ज करने के लक्ष्य को हासिल करेगा। एनडीए गठबंधन का उद्देश्य राष्ट्र एवं राज्य के व्यापक हित में काम करना है, जबकि इंडी गठबंधन नेतृत्व विहीन है। उसके पास देशहित में कोई एजेंडा नहीं है।

ये बोले चौधरी

वहीं, प्रत्याशी घोषित होने के बाद चंद्रप्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र में सर्वांगीण विकास हुआ है। विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के लिए विकसित गिरिडीह अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।