पालघर। महाराष्ट्र के पालघर जिले में 36 साल से अधिक समय से फरार चल रहे एक हत्या मामले के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल, 30 नवंबर, 1988 को पालघर के वसई इलाके के नवघर में 24 वर्षीय सलीम अकबर अली की एक दुश्मनी के कारण हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में पुलिस ने लगभग 8 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया था। इसमें विजय सुदाम राणे, शंकर बगली माखन, धर्म धर्मेंद्र, शेखर पुजारी, चंद्रशेखर शेट्टी, कुमार होडे, धनंजय बेलूर और क्लैमेंट साइमन लोबो का नाम शामिल था। सभी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 34 (सामान्य इरादा) के तहत FIR दर्ज की गई थी।

6 आरोपियों तो 1988 में किया गया था गिरफ्तार

मानिकपुर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक राजू माने ने कहा कि बेलूर और लोबो को छोड़कर अन्य छह आरोपियों को 1988 में गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा, लोबो बहरीन में था और तीन साल पहले भारत लौटा था। पुलिस की एक जांच टीम ने आरोपी का पता लगाने के लिए तकनीकी और खुफिया जानकारी पर काम किया। पुलिस को हाल ही में सूचना मिली कि लोबो (55) भारत आया है और वसई शहर के मानिकपुर इलाके में रह रहा है।

पुलिस ने जाल बिछाया और लोबो को सोमवार को एक घर से गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के दौरान लोबो ने पुलिस को बताया कि उसका अली के साथ लंबे समय से झगड़ा चल रहा था, जिसके कारण अन्य आरोपियों की मदद से उसकी हत्या कर दी गई। उन्होंने कहा कि बेलूर को पकड़ने के प्रयास अभी भी जारी हैं। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिल पाई है।