महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में संदिग्ध नाव मिलने से हड़कंप मच गया है। नाव में एके-47 राइफल, कुछ राइफलें व भारी संख्या में कारतूस मिलने की खबर है। ये नाव रायगढ़ जिले में स्थित हरिहरेश्वर समुद्र तट पर मिली है। हरिहरेश्वर तट मुंबई से 200 और पुणे से 170 किलोमीटर दूर बताया गया है। 

रायगढ़ जिले में हाईअलर्ट जारी किया गया है। सूत्रों के अनुसार दो संदिग्ध नाव लावारिस मिली हैं। इनमें से एक में ये हथियार मिले हैं। इन नावों में कौन सवार होकर आया और ये कहां से आई, इन बातों की पड़ताल में सुरक्षा एजेंसियां जुटी हैं। पुलिस ने नाव को अपने कब्जे में ले लिया है। यह नाव समुद्र के किनारे मिली है। पुलिस स्थानीय लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि नाव के बारे में जानकारी हासिल की जा सके। महाराष्ट्र एटीएस की टीम रायगढ़ के लिए रवाना हो गई है। यह टीम इस पूरे मामले की पड़ताल करेगी।