भोपाल ।   कांग्रेस के प्रदेश चुनाव प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शनिवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित कर शिवराज सरकार पर जमकर हमले किए। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी और शिवराज सरकार को किसान विरोधी बताया और कहा कि इनके राज में सबसे ज्यादा घोटाले हुए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने समर्थन मूल्य छुपाकर किसानों की योजनाओं पर ताला लगा दिया। शिवराज सरकार के 18 साल को दमनकारी किसान विरोधी के रूप में प्रदेश के इतिहास में याद रखा जाएगा।

कम एमएसपी पर शिवराज बजाते हैं तालियां

सुरजेवाला ने कहा कि हकीकत यह है कि भाजपा और शिवराज सरकार ने किसानों के साथ हमेशा छल किया। शिवराज सरकार ने पिछले 6 महीने में सितंबर 2023 तक 23 योजनाओं में से 19 योजनाओं में अप्रैल से सितंबर तक एक भी पैसा नहीं दिया। किसान की लागत से कम समर्थन मूल्य होने पर शिवराज तालियां बजाते हैं। इन्होंने किसानों के साथ धोखा किया है।

किसान कल्याण विभाग को किसान दुर्दशा विभाग बना दिया

सुरजेवाला ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर बरसते हुए कहा कि केंद्र सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीदने की घोषणा करती है। इधर राज्य सरकार फसलों को आधे दाम में खरीद रही। भाजपा सरकार ने किसान कल्याण विभाग को किसान दुर्दशा विभाग बना दिया।

किसान सम्मान निधि, अपमान निधि बनकर रह गई

सुरजेवाला बोले कि एमपी के किसानों की आय कम होकर पूरे परिवार के लिए 270 प्रतिदिन या 55 रुपए प्रति व्यक्ति हो गई। इतने पैसों में किसान परिवार कैसे चल पाएंगे। किसान सम्मान निधि किसान अपमान निधि बनकर रह गई है। भाजपा सरकार ने कई किसानों के नाम सम्मान निधि से हटा दिए। इससे प्रदेश में 8 लाख 57 हजार 203 किसान को नहीं मिलेगा सम्मान निधि का पैसा। प्रधानमंत्री मोदी और सीएम शिवराज किसानों को जवाब दें।