राजस्थान के सांसद और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की बेटी सुहासिनी शेखावत ने एक नया कीर्तिमान अपने नाम किया है। गुरुवार को सुहासिनी ने 'इंडस कॉलिंग' अभियान के दल का नेतृत्व करते हुए सिंधु नदी पर अब तक का सबसे लंबा रॉफ्टिंग अभियान पूरा किया है। सुहासिनी का यह अभियान भारत-चीन बॉर्डर के पास मानेसर से शुरू हुआ और भारत-पाकिस्तान बॉर्डर करगिल के पास खत्म हुआ। 
 
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने गुरुवार को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा सुहासिनी के सपने अलग हैं, उसे कठिनाइयों से डर नहीं लगता। वो भारत की बेटियों के आत्मबल और प्रतिभा को प्रदर्शित करने में जुटी रहती है। उसका साहस कई बार मुझे हतप्रभ कर जाता है। बेटियां बड़ी होकर पिता की जीवन यात्रा को नई उम्मीदों से पूरित करती हैं। मैं उसमें खुद को देखता हूं।
मुझे गर्व है कि सुहासिनी ने गंगा, ब्रह्मपुत्र और सिंधु नदी के दुर्गम ऊंचे स्थानों पर जहां ऑक्सीजन की बहुत कमी और खतरनाक चट्टानें हैं, को एक बार की यात्रा में ही पार किया है और ऐसा करने वाली वो पहली है।