राजकुमारी का जिक्र होते ही महलों में रहने वाली खूबसूरत परिधान में सजी किसी सुंदर सी लड़की की छवि मन में बन जाती है। लेकिन राजकुमारी महज सुंदर परिधानों से सजी धजी ठाट बाट से रहने वाली लड़की नहीं होती है, उन पर कई जिम्मेदारियां भी होती हैं। ऐसी एक राजकुमारी की तस्वीर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह राजकुमारी लोगों के सोच से परे मिलिट्री यूनिफार्म में हाथों में राइफल लिए नजर आ रही है। राजकुमारी की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है।

स्पेन की राजकुमारी चर्चा में क्यों

इन दिनों दुनियाभर में स्पेन की राजकुमारी लियोनोर सुर्खियों में है। उनकी तस्वीरों सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिसमें वह सेना के भारी बूट्स और वर्दी पहने नजर आ रही हैं। उनके हाथ में राइफल है। राजकुमारी महज 17 साल ही हैं। इतनी कम उम्र की राजकुमारी ने देश की मिलिट्री ज्वाइन की है। मिलिट्री ट्रेनिंग करती उनकी कई तस्वीरें लोगों को को हैरत में भी डाल रही है और महिलाओं को प्रोत्साहित भी कर रही हैं।

राजकुमारी लियोनोर का जीवन परिचय

स्पेन के राजा फेलिप और रानी लेटिजिया की दो बेटियां हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी राजकुमारी लियोनोर हैं। उनका जन्म 31 अक्तूबर 2005 को हुआ था। वह स्पेन की उत्तराधिकारी हैं। वर्तमान में उनकी आधिकारिक पदवी आस्ट्रियस राजकुमारी की है। वह भविष्य में स्पेन की महारानी बनेंगी।

राजकुमारी लियोनोर की उपलब्धि

राजकुमारी लियोनोर के 10वें जन्मदिन से एक दिन पहले राजकुमारी लियोनोर को ऑर्डर ऑफ द गोल्डन फ्लीस प्रदान किया था। राजकुमारी ने ग्लैमर्गन में यूडब्ल्यूसी अटलांटिक कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। वह स्पेन की भावी महारानी होंगी।

क्यों मिलेगी स्पेन का राजगद्दी

राजकुमारी लियोनोर को कैथोलिक रीति-रिवाज के अनुसार स्पेन की राजगद्दी दी जाएगी। दरअसल स्पेन के संविधान के अनुसार, स्पैनिश सिंहासन का उत्तराधिकार पुरुष वरीयता संज्ञानात्मक वंशानुक्रम की प्रणाली के तहत है, जिसमें राजा की बड़ी बेटी होने के कारण वह उत्तराधिकारी की कतार पर पहले स्थान पर हैं।

सेना में क्यों  हुईं शामिल

नियमानुसार स्पेन की रानी बनने के लिए राजकुमारी लियोनोर को मिलिट्री ट्रेनिंग लेना अनिवार्य है। उनके पिता किंग फेलिप स्पेन की सेनाओं के सर्वोच्च कमांडर हैं। पिता की राह पर चलते हुए राजकुमारी ने जनरल मिलिट्री अकादमी ज्वाइन की है। तीन साल तक वह यहां ट्रेनिंग हासिल करेंगी।

मिलिट्री ट्रेनिंग के बाद उन्हें आर्मी कैडेट बटालियन के रूप में नियुक्त किया जाएगा।अगले साल प्रिंसेस लियोनोर नौसेना में शामिल होंगी और मरीन नेवल मिलिट्री स्कूल में मिडशिपमैन के रूप में कार्य करेंगी। उसके बाद एयरफोर्स और स्पेस आर्मी का पाठ्यक्रम पूरा करेंगी। 2026 तक वह सैन जेवियर जनरल एयर अकादमी का हिस्सा बन जाएंगी।