नई दिल्ली । केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर विदेश जाकर भारत का अपमान करने का आरोप लगाकर उनके खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी भारतीय लोकतंत्र और संसद का अपमान करने के लिए राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राहुल गांधी पर तीखा निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने विदेशी धरती पर जाकर भारत, भारतीय लोकतंत्र और संसद को  अपमानित किया है। उन्होंने कहा कि सदन में झूठे आरोप लगाने वाले राहुल ने विदेशी धरती पर भारत की संसद का भी अपमान किया है। सोमवार से संसद का सत्र (बजट सत्र का दूसरा चरण) शुरू हो रहा है और वे लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला से भी राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग करते हैं।