झारखंड की राजधानी रांची में रविवार को दोपहर बाद शहरी क्षेत्र में झमाझम वर्षा हुई। वर्षा के बाद लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 10.0 मिमी. वर्षा दर्ज की। वर्षा के बाद अधिकतम तापमान 32.6 व न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इधर, जमशेदपुर में 28.0 मिमी. दर्ज की गई। मौसम पूर्वानुमान के तहत रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में सोमवार से सात सितंबर तक बादल छाए रहेंगे। सोमवार, मंगलवार व गुरुवार को दो या उससे अधिक बार हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होने की संभावना है।

इसके अलावा, बुधवार को हल्की वर्षा होने की संभावना है। आठ व नौ सितंबर को गरज के साथ वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल मॉनसून टर्फलाइन समुद्रतल के मध्य से होकर हिमालय के नीचे से गुजर रहा है।

साथ ही उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में समुद्रतल से ऊपर 5.8 किमी. क्षेत्र में साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर है। इस कारण आगामी 48 घंटे में उत्तर-पश्चिम व उससे सटे वेस्ट सेंट्रल बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब क्षेत्र बनने की संभावना है।

आज रांची में अधिकतम 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। वहीं, जमशेदपुर में अधिकतम 34.6 और न्यूनतम 26.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रह सकता है। 

पलामू ,गढ़वा व लातेहार में वर्षा नहीं होने के कारण तापमान में कोई विशेष फर्क नहीं आया है। अधिक तापमान व न्यूतम तापमान पहले जैसे हैं। इस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी बढ़ गई है। अगले दो दिनों मौसम के मिजाज में बदलाव के संकेत हैं।

आज चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में दिन भर आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। उमस परेशान करेगी। शाम के समय वर्षा की भी संभावना है।