राजस्थान में चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का रेड अलर्ट जारी किया गया है। 15 से 17 जून तक इसका बड़ा प्रभाव दिखाई देगा। तूफानी मूसलाधार बारिश, बादलों की तेज कड़कड़ाहट, बिजलियां गिरने की आशंका है। कच्चे मकानों, झुग्गी-झोपड़ियों, स्लम एरिया, गांव-ढाणियों और अस्थायी निर्माणों को बड़ी क्षति हो सकती है।

अरब सागर से उठा बेहद गंभीर चक्रवाती तूफान बिपरजॉय लगातार शक्तिशाली होता जा रहा है। जिस दिशा और गति से यह तूफान उत्तर की ओर बढ़ रहा है। बुधवार को गुजरात के तटीय भागों में यह गंभीर रूप ले सकता है। 15 से 17 मई तक राजस्थान में भी तूफान का बड़ा असर दिखेगा। खासकर पश्चिमी राजस्थान और दक्षिणी राजस्थान के इलाकों में भारी तूफानी बारिश देखने को मिल सकती है। हवाओं की स्पीड 70 से 140 किलोमीटर प्रतिघंटा तक होने की आशंका मौसम विभाग ने जताई है। जो बेहद खतरनाक हो सकता है।

चक्रवाती तूफान के कारण भारी बारिश होगी। तापमान में 10 डिग्री तक की बड़ी गिरावट होने की संभावना है। गर्म हवाओं के झुलस रहे राजस्थान के लोगों को ठंडी हवाओं और सुहाने मौसम का एहसास होगा।  राजस्थान में प्री मानसून की बारिश इसी जून महीने के अंतिम सप्ताह में शुरू हो सकती है, जबकि जुलाई के पहले हफ्ते के अंत या दूसरे हफ्ते की शुरुआत में मानसूनी बारिश की शुरुआत हो सकती है। इस बार मानसून दो सप्ताह लेट होगा। मौसम विभाग ने 92 फीसदी तक ही बारिश की संभावना जताई थी, लेकिन चक्रवाती तूफान और पश्चिमी विक्षोभ, प्री मानसून की बारिश इस कमी को पूरा कर सकती है। जैसे आसार बनते नजर आ रहे हैं। मानसून की तैयारी किसानों ने भी शुरू कर दी है और खेतों में जुताई की जा रही है।

अभी अरब सागर में है तूफान बिपरजॉय

मौसम विज्ञान केन्द्र जयपुर ने जानकारी दी है कि चक्रवाती तूफान अभी अरब सागर की खाड़ी से गुजरात की ओर बढ़ रहा है। जो 15 जून को गुजरात, पाकिस्तान से टकराएगा और उसके बाद उत्तर-पूर्व राजस्थान की तरफ आगे बढ़ेगा। टकराने के साथ ही यह कमजोर होगा और राजस्थान में डिप्रेशन के साथ कम दबाव का क्षेत्र बनाएगा, जिसके चलते 3 से 4 दिन तक मौसम में भारी बदलाव दिखाई देगा। राजस्थान के चार संभागों में भारी बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव रहेगा। लोगों को गर्मी से निजात भी मिलेगी।

15 जून से 17 जून तक दिखाई देगा असर

चक्रवाती तूफान का असर राजस्थान में 15 जून की शाम से ही 17 जून तक दिखाई देगा। जोधपुर और उदयपुर संभाग में भारी बारिश होगी। भारी बारिश का सबसे ज्यादा असर 16 और 17 जून को रहेगा। 16 जून को जोधपुर, बाड़मेर, जालोर, सिरोही, उदयपुर और आसपास के इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं,  इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तूफानी बारिश मारवाड़ में बड़ी तबाही मचा सकती है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है।