राजधानी रांची समेत पूरे राज्य के मौसम में लगातार परिवर्तन देखा जा रहा है। रांची में सावन मास में कभी तेज धूप तो कभी रिमझिम फुहारों ने लोगों को मौसम के दो रुपों से रुबरु कराया। वहीं दूसरी ओर भादो मास की शुरुआत हल्की फुहारों से हुई तो लाेगों को शाम में थोड़ी गर्मी से राहत मिली।

दो से तीन दिनों से राजधानी के तापमान में अचानक 8 से 10 डिग्री तक का उछाल आ गया था। जिससे आमजन तेज धूप की तपिश से परेशान थे। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शनिवार की शाम हुई हल्की वर्षा से

तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि इसके बाद भी पूरे राज्य में मॉनसून की गतिविधि कमजोर बनी रही।

पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो सबसे अधिक वर्षा 36 मिमी पश्चिमी सिंहभूम के धालभूमगढ़ में रिकार्ड की गई। वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस गोड्डा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस रांची का रेकॉर्ड किया गया।

वहीं, रांची का शनिवार को अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री सेल्सियस रेकॉर्ड किया गया। जो कि अगस्त और सितंबर माह में अब तक का सर्वाधिक है। राजधानी में अब तक सामान्य से 41 मिमी तक कम वर्षा रेकॉर्ड की गई है।

आंधी तूफान को लेकर अलर्ट

बता दें कि 1 जून से 2 सितंबर तक राजधानी में 488.3 मिमी वर्षा हुई है जबकि पूर्वानुमान 831.6 मिमी वर्षा होने का था। वहीं पूरे राज्य में अब तक सामान्य से 38 मिमी कम वर्षा हुई है। अब तक राज्य में 504.2 मिमी वर्षा हुई है जबकि पूर्वानुमान 815.6 मिमी वर्षा का था।

ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि पूरे राज्य में कितनी कम वर्षा हुई है और खेतों में पड़ रही दरारें किसानों की चिंता की लकीरें बढ़ा रही हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची के वरीय विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 3 से 6 सितंबर तक राज्य में कहीं कहीं मेघ गर्जन व वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज रांची में आंशिक बादल छाए रहने और हल्की व मध्यम दर्जे की वर्षा की संभावना है।

पलामू, गढ़वा और लातेहार में वर्षा नहीं होने के कारण अधिकतम तापमान में एक व न्यूनतम तापमान में भी एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि इन जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव नहीं होगा। इस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में दिन भर आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, जिससे उमस संबंधित परेशानी बढ़ेगी। इसके अलावे हजारीबाग में मौसम साफ रहने वाला है। उमस के कारण गर्मी से लोग परेशान रह सकते हैं और अगले दो दिनों तक मौसम में बदलाव का अनुमान नहीं है।