यूपी में निकाय चुनाव से पहले डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम बरनावा आश्रम में आ सकता है। उसकी पैरोल के लिए यहां से रिपोर्ट भेज दी गई है और उसमें किसी तरह की कोई आपत्ति नहीं होने की बात कही गई है।डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को दुष्कर्म मामले में कोर्ट ने 2017 में सजा सुनाई थी और उसके बाद हत्या के एक मामले में अदालत ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी। तभी से गुरमीत राम रहीम रोहतक की सुनारिया जेल में बंद है।

वह वर्ष 2022 में 17 जून को एक महीने व 15 अक्तूबर को 40 दिन का पैरोल लेकर बरनावा आश्रम में आया था। इसके बाद वह जनवरी 2023 में 40 दिन की पैरोल पर बरनावा आश्रम में आया। अब उसने फिर से पैरोल मांगी और उसकी रिपोर्ट भी यहां से भेज दी गई है।इससे यह माना जा रहा है कि वह यूपी में पहले चरण के निकाय चुनाव से पहले बरनावा आश्रम में पहुंच सकता है। इसको लेकर ही तैयारियां की जा रही हैं।डेरा सच्चा सौदा के पंजाब व हरियाणा के अलावा यूपी के काफी जिलों में अनुयायी हैं और वह अनुयायी चुनाव को काफी हद तक प्रभावित करते हैं। अगर डेरा प्रमुख उनको कोई संदेश देते है तो उसका असर निकाय चुनाव में दिख सकता है।