नशे के आदि एक व्यक्ति ने कुल्हाड़ी से हमला कर मां-बेटे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना में बेटे की मौत हो गई। घटना जिले के गांव गोनियाना कलां की है। घटना की सूचना मिलते ही थाना नेहियांवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, जिले के गांव गोनियाना कलां में नशे के आदि व्यक्ति रेशम सिंह ने बीती रात मां-बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों मां-बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल मां-बेटे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डाक्टरों ने विजय सिंह को मृतक घोषित कर दिया, जबकि अंग्रेज कौर अस्पताल में भर्ती है।

नशे से रोकना पड़ा भारी

बताया जा रहा है कि हमला करने वाला रेशम सिंह मृतक विजय सिंह का चचेरा भाई लगता है, जोकि लंबे समय से नशा करने का आदि है और विजय सिंह उसे नशा करने स रोकता था। इसी वजह से उसकी हत्या कर दी। थाना नेहियांवाला की प्रभारी एसआई करमजीत कौर के मुताबिक, आरोपित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपित की तलाश की जा रही है। आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।