पंजाब के रोपड़ जिले के गांव गोह्लणी के एक निजी अस्पताल में देर रात करीब नौ लोगों ने हत्या के मामले में उम्रकैद काटकर आए व्यक्ति की तेजधार हथियारों से वार कर और कंधे के पास गोली मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने अस्पताल में उपचाराधीन मृतक की पत्नी को भी तेजधार हथियारों से हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया। पीजीआई चंडीगढ़ में मृतक की पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों के सिर, पेट, पैर, हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में धारदार हथियारों के हमला किया गया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार को मनजिंद्र सिंह की पत्नी रजनी बाला की तबीयत खराब होने के कारण उसे गोह्लणी के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था और उसका पति मनजिंद्र सिंह देखरेख के लिए उसके पास बैठा था। इतने में तेजधार हथियारों से लैस होकर पहुंचे व्यक्तियों ने आते ही उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। 

हमलावरों ने मनजिंद्र के कंधे के पास गोली भी मारी। खून से लथपथ दंपती को तुरंत सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब ले जाया गया। वहां से दोनों को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। पीजीआई में इलाज के दौरान मनजिंद्र सिंह की मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है। हमलावर जाते समय अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर भी साथ ले गए। इस वारदात के बाद अस्पताल में चारों और खून ही खून पसरा था। इस बारे में जब अस्पताल के मालिक डॉ. राम सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि उन्हें हमलावरों की कोई जानकारी नहीं है।

डीएसपी ने कहा कि मामला पुरानी रंजिश का है। मृतक और हमलावर एक ही गांव प्लासी के रहने वाले हैं। मंगलवार को रात के हमले में मारे गए मनजिंद्र सिंह ने 2010 में हमलवार आरोपी के भाई की हत्या कर दी थी। उस मामले में कुछ समय पहले ही मनजिंद्र उम्रकैद की सजा काटकर आया था। इसी रंजिश में मंगलवार को रात करीब नौ लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से वार और गोली मारकर हत्या कर दी। इस मामले में छह लोगों को नामजद कर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि सीआईए रूपनगर, थाना प्रभारी नंगल, श्री आंनदपुर साहिब व नया नंगल पुलिस चौकी के प्रभारी के नेतृत्व में विभिन्न टीमों का गठन कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।