पंजाब के फिरोजपुर जिले में स्थित गांव महिमा में शुक्रवार की रात 8 बजे मोबाइल फोन को लेकर हुई बहस के बाद गोलियों चलीं। इस गोलीबारी में फरीदकोट के गांव आराईआ वाला खुर्द के रहने वाले दो सगे भाई घायल हो गए। जख्मी हालत में उन्हें फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 5 लोगों और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

एसपीडी ने बताया कि गोली चलाने वाला आरोपित ममदोट के गांव भावडा का रहने वाला है। आरोपी और मृतक नौजवानों के बीच मोबाइल को लेकर झगडा हुआ था। उसके बाद मृतक नौजवान वहां से गांव महिमा आ गए। लेकिन आरोपितों ने उनका पीछा करते हुए रात लगभग 8 बजे के करीब गांव महिमा में उन्हें घेर लिया उन पर गोलियां चला दी।

गोलीबारी में दोनो युवक घायल हो गए और दोनों घायलों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। यहां दोनों भाइयों की मौत हो गई। एसपीडी ने बताया कि मृतकों की पहचान जगदीश सिंह (34) और कुलदीप सिंह (36) निवासी अराईयां वाला खुर्द के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पांच बाय नेम और एक अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित पर पहले भी हत्या व हत्या के प्रयास के कई मामले अलग अलग थानों में दर्ज है।