जालंधर के बस्ती बावा खेल के पास एक 3 साल की मासूम के साथ बिहार से आए 15 वर्षीय नाबालिग लड़के ने दुष्कर्म किया। आरोपी ने मिठाई देने के बहाने बच्ची को अपने पास बुलाया था। इसके बाद उसने उसके साथ गलत काम किया। बच्ची के पिता के बयानों के आधार पर थाना बस्ती बावा खेल पुलिस ने नाबालिग आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लड़के को गिरफ्तार कर लिया है। अब उसे बाल सुधार गृह भेजा जाएगा।गिरफ्तार आरोपी बावा खेल स्थित एक कॉलोनी का रहने वाला है। पुलिस की अभी तक की जांच में पता चला है कि आरोपी लड़का मूल रूप से बिहार के सिवान का रहने वाला है। जो जालंधर बस्ती बावा खेल में रहने वाले अपने भाई के पास आया था। जालंधर में ही उसके भाई ने पैसे कमाने के लिए उसे एक डिब्बे की फैक्टरी में लगवा दिया था। आरोपी लड़का गत्ते के कार्टन बनाने का काम करता था। 

पुलिस को दिए बयानों में पीड़ित के पिता ने कहा कि वह और उसकी पत्नी काम करते हैं और तीनों बेटियां घर पर ही रहती हैं। रोजाना की तरह मंगलवार को भी सभी घर पर थीं। पिता ने कहा कि मेरी बेटी पर आरोपी कई दिनों से नजर रखे हुआ था। जब काम पर थे तो उसकी छोटी बेटी को आरोपी लड़के ने मिठाई का लालच देकर अपने पास बुला लिया। पीड़ित ने कहा- आरोपी उसके क्वार्टर के पास ही रहता है। आरोपी ने पीड़ित बच्ची को अपने पास बुलाकर उसके साथ गलत काम किया। आरोपी ने गलत काम करने के बाद उसे मिठाई दी और वापस घर भेज दिया।