अमृतसर: आय से अधिक संपत्ति के मामले में विजिलेंस की ओर से पूर्व उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी को गिरफ्तार करने से कांग्रेसियों का पारा चढ़ गया है। पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रताप सिंह बाजवा ने कहा है कि, सोनी को जेल भेजने का खामियाजा आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री भगवंत मान को जल्द चुकाना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि द्वेश की राजनीति प्रदेश में इससे पहले नहीं देखी गई। बाजवा सोमवार को सोनी के आवास में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के प्रदेश प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह सुक्खी रंधावा, जिला प्रधान अश्वनी कुमार पप्पू, पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा, पूर्व विधायक इंद्रबीर सिंह बुलारिया भी मौजूद थे।

अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी स्क्रिपटेड स्टोरी में लिखा हुआ है कि कौन सी तारीख को किस कांग्रेस के किस नेता को गिरफ्तार करना है और उसे जेल भेजना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों में सरकार और पुलिस के पास नेताओं के खिलाफ कोई पुख्ता सुबूत तक नहीं है। राजा वडिंग ने कहा कि सरकार बदलाखोरी की राजनीति कर रही है।

सरकार खुद ही बता दे कि अब कांग्रेस के किस नेता को गिरफ्तार करना है । वह खुद ही अपने साथियों के साथ विजिलेंस कार्यालयों में गिरफ्तारी देने पहुंच जाएंगे।

राजा वड़िंग व बाजवा ने कहा कि पिछले सवा साल में सरकार के टोल फ्री नंबर पर तीन लाख से ज्यादा शिकायतें मिल चुकी हैं। सरकार की विजिलेंस ने केवल सौ शिकायतों पर ही कार्रवाई की है। वड़िंग ने कहा कि ओपी सोनी को इसलिए गिरफ्तार किया गया है क्योंकि नगर निगम चुनाव होने वाले हैं। सरकार कांग्रेसियों पर इस तरह की कार्रवाई कर जनता की नजरों में उन्हें बदनाम करना चाहती है, ताकि चुनाव में आम आदमी पार्टी कांग्रेसियों को बदनाम कर सके।