बिलासपुर ।   भाजपा अपने स्थापना दिवस से लेकर 14 अप्रैल तक सेवा सप्ताह मना रही है। सोमवार को महिला मोर्चा के बैनर तले सहभोज का आयोजन किया गया है। अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं के बीच मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता भोजन करेंगे। जिला मुख्यालय से लेकर मंडल मुख्यालयों में इसका आयोजन किया जाएगा। मोर्चा की पदाधिकारियों द्वारा बीते तीन दिनों से इसकी तैयारी की जा रही है। मंडल पदाधिकारियों की टीम अपने प्रभार वाले पोलिंग बूथों में अजा वर्ग की महिलाओं से संपर्क कर रही है और भोज में आमंत्रित भी कर रही है। प्रदेश भाजपा ने सेवा सप्ताह के कार्यक्रम में भाजपा के अलावा सहयोगी संगठनों को भी शामिल कर लिया है। सभी को बराबर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सोमवार महिला मोर्चा के बैनर तले आयोजित सहभोज के कार्यक्रम में अजा मोर्चा की भी भागीदारी तय कर दी है। अजा मोर्चा के पदाधिकारी गांव-गांव संपर्क कर रहे हैं। मंडलों के अलावा पोलिंग बूथों में भी सहभोज आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है। कार्यक्रम के दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारी महिलाओं से सीधी बात करेंगी। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं को लेकर फीडबैक भी लेंगी।

सेवा सप्ताह की आगे की कड़ी में 11 अप्रैल को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के नेतृत्व में सभी मंडल एवं जिला स्तर पर समाज सुधारक एवं चिंतक महात्मा ज्योतिबा फूले की जन्म जयंती पर इनकी प्रतिमा एवं चित्र पर पुष्पाजंलि का कार्यक्रम किया जाएगा एवं उनके विचारों व समाज सुधार को लेकर संगोष्ठी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा राज्य सरकार द्वारा पिछड़ा वर्ग के हितों के लिए किये गये ऐतिहासिक कार्यो की चर्चा की जाएगी। इसी तरह 12 अप्रैल को भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ द्वारा विधानसभा स्तर पर चिकित्सा शिविर आयोजित किए जाएंगे एवं भाजपा स्वच्छता समिति द्वारा सभी मंडल में स्वच्छता के कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। 13 अप्रैल को जलाशयों का सफाई एवं वृक्षारोपण के कार्यक्रम किए जाएंगे।

14 को मनाएंगे आंबेडकर जयंती

14 अप्रैल को डा.बाबा साहेब आंबेडकर की जन्म जयंती पर भाजपा एवं अनुसूचित जाति मोर्चा द्वारा सभी बूथ, मंडल, जिला कार्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सार्वजनिक स्थानों पर बाबा साहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। आसपास के स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई करेंगे।

सभी मंडल एवं जिला स्तर पर बाबा साहेब आंबेडकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर व्याख्यान के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश प्रदेश भाजपा ने दिए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यो एवं भारत रत्न डा. बाबा साहेब आंबेडकर के सम्मान में लिये गये निर्णयों की चर्चा भी करेंगे। इसमें समाज के लोगों की सहभागिता भी तय की जाएगी।