जयपुर: राजस्थान में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस सहित विभिन्न पार्टियों के 17 नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। शनिवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ की मौजूदगी में इन नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

साल, 2013 के विधानसभा चुनाव में राजाखेड़ा विधानसभा सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे रोहित बोहरा और उनके पिता रविंद्र सिंह बोहरा ने भजापा की सदस्यता ग्रहण की है। रविंद्र ने पिछला चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था, लेकिन फिर कांग्रेस में शामिल हो गए थे। अब वह एक बार फिर भाजपा में लौट आए हैं। पूर्व विधायक पवन दुग्गल ने अपनी पत्नी रानी के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। पवन 2013 में माकपा के टिकट पर विधायक निर्वाचित हुए थे।

17 नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

पूर्व सांसद धन सिंह रावत,पूर्व विधायक गीता वर्मा, डीडी कुमावत, 2018 में धौलपुर सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे शिवचरण कुशवाह, इनके सामने बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले लल्लूराम बैरवा, भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी जसवंत संपतराम, भारतीय राजस्व सेवा के सेवानिवृत अधिकारी केआर मेघवाल, जीएसटी के पूर्व अतिरिक्त आयुक्त दिनेश रंगा सहित 17 नेताओं व सेवानिवृत अधिकारियों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है।