शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में आने वाले मरीजों को अब पीजी ब्लॉक में भी रजिस्ट्रेशन कराने की सुविधा होगी। इसके लिए मरीजों को अब पुरानी बिल्डिंग में जाकर रजिस्ट्रेशन करवाने की जरूरत नहीं होगी। मरीजों की समस्याओं को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन पीजी ब्लॉक में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन काउंटर की एकल खिड़की खोलने की तैयारी में जुट गया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मरीजों को सहूलियत मिले इसके लिए पीजी ब्लॉक में भी काउंटर रहेगा। इसके लिए जगह चिन्हित किए जा रहे हैं। रजिस्ट्रेशन काउंटर के लिए अलग से कर्मचारी नियुक्त किए जाएंगे। बता दें कि 570 बेड के मेडिकल कॉलेज में हर दिन ओपीडी में लगभग 1400 मरीज आते हैं।

चार विभाग को ओपीडी से पीजी ब्लॉक में किया गया शिफ्ट

अस्पताल के मुख्य ओपीडी से चार विभाग को पीजी ब्लॉक में शिफ्ट किया गया है। यहां पर नेत्र रोग, चर्म रोग, मनोचिकित्सा और रेडियोथैरेपी विभाग की व्यवस्था की गई है। लेकिन यहां डॉक्टर को दिखाने से पहले मरीजों को पुरानी बिल्डिंग में जाकर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ रहा है। दोनों के बीच लगभग 600 मीटर से ज्यादा की दूरी है। ऐसे में मरीजों को दोनों बिल्डिंग के चक्कर काटने पड़ रहे हैं। अब इसी समस्या को देखते हुए प्रबंधन ने यह बड़ा कदम उठाया है।

जल्द खोल जाएगा न्यूरो सर्जरी का ओपीडी

ब्लॉक में जल्द न्यूरो सर्जरी विभाग का भी ओपीडी खोला जाएगा। यहां पर न्यूरो सर्जन डॉक्टर राजेश कुमार सिंह सेवा देंगे। दिसंबर 2022 में ही न्यूरो सर्जरी विभाग खोलने की तैयारी की गई थी। लेकिन ओपीडी में इसके लिए उपयुक्त संसाधन नहीं थे। अधीक्षक डॉ अनिल कुमार ने कहा कि इस दिशा में पहल की जा रही है। कोशिश है कि जल्द न्यूरो सर्जरी का ओपीडी भी शुरु करा दिया जाएगा।