बलिया। ओमप्रकाश राजभर ने बलिया के रसड़ा में सुभासपा कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी का सदस्य बनने पर 3 साल की गारंटी और वारंटी दी जाएगी। उन्होंने पार्टी को 10 रुपये सदस्यता शुल्क देने पर 3 वर्ष सुरक्षा का वादा किया। राजभर ने पार्टी का सदस्य बनने वालों के हर सुख-दुख में शामिल होने की गारंटी भी दी। 
  वीडियो वायरल होने के बाद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर बस्ती पहुंचे। वहां उन्होंने अपनी पार्टी के 3 साल के सदस्यता के बदले सुरक्षा वाले बयान पर कहा कि लोग बाल की खाल निकाल रहे हैं। हमारी पार्टी का सदस्यता शुल्क 10 रुपये हैं। हम 10 रुपये में सदस्य बनाते हैं तो 3 साल की गारंटी लेते हैं। तीन साल के अंदर कोई भी दुख होगा सुख होगा हमारा नेता आप के यहां जाएगा। हम इसलिए लोगों को समझाते हैं। हम जातिगत जनगणना चाहते हैं। हम एक समान अनिवार्य फ्री शिक्षा के लिए आप का सहयोग चाहते हैं। हम प्रदेश में शराब बंदी और घरेलू बिजली फ्री के लिए आप का सहयोग चाहते हैं। अगर यह चीज सही है तो हम से जुड़िए और 10 रुपये में सदस्य बनिए। 
  उन्होंने कहा कि गठबंधन तो होंगे। चुनाव अभी दूर हैं जब नजदीक आएगा तो उस पर फैसला होगा। अभी हम लोग महिला अधिकार रैली निकाल रहे हैं। यात्रा के माध्यम से अपनी पार्टी को जनता से जोड़ने की कवायद होती है। भारत जोड़ो यात्रा पर उन्होंने कहा कि भारत कहां टूटा है जो उस को फेविकोल लगाकर जोड़ने जा रहे हैं। महिलाओं के आरक्षण पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को राजनीति और नौकरी में 50 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए। 
  राजभर ने कहा कि बेशक राहुल गांधी जी मेहनत कर रहे हैं और उस का रिजल्ट भी उन को मिल रहा है। यात्रा के माध्यम से जहां तक वो अपना संदेश पहुंचा रहे हैं लोगों का साथ मिल रहा है वहीं राहुल गांधी के 2024 में प्रधानमंत्री के सवाल पर राजभर हंसने लगे और कहा कि अभी वह बहुत दूर हैं। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के बाद सबसे ज्यादा विकास का काम कांग्रेस ने किया। लाख पार्टियां सत्ता में आएं लेकिन जितना काम कांग्रेस ने किया कोई नहीं कर सकता। आजादी के बाद देश की तमाम आवश्यकताएं थीं उन्हें देखकर कांग्रेस ने काम किया। आज उसी को लोग आगे बढ़ा रहे हैं।