सरहिंद रोड पर स्थित शहीद ऊधम सिंह नगर के गांव झिल्ल में मां व बेटे के शव बाथरूम से बरामद हुए हैं। मामले में मृत बेटे की भूमिका भी शक के दायरे में है, क्योंकि पुलिस को उसके शरीर पर सुइंयों के कई निशान मिले हैं और जांच के दौरान घर से भी कई इंजेक्शन मिले हैं। कत्ल के दौरान घर में मां-बेटा ही थे और घर का दरवाजा भी अंदर से बंद था। मृत महिला की पहचान जसवीर कौर उम्र करीब पचास साल और हरविंदर सिंह जग्गी उम्र करीब 27 साल के रूप में हुई है।

मौके पर पहुंची पुलिस

शवों को जग्गी के पिता गुरमन सिंह ने बुधवार शाम करीब चार बजे देखा था। सूचना मिलने के बाद एसपी सिटी मोहम्मद सरफराज आलम, डीएसपी जसविंदर सिंह टिवाणा व थाना त्रिपड़ी के इंचार्ज परदीप सिंह बाजवा पुलिस मौके पर पहुंचे। फोरेंसिंक टीम ने सैंपल एकत्रित करते हुए परिवार के दोनों फोन कब्जे में ले लिए हैं। एसपी सिटी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि गुरमन सिंह मेडिकल कालेज से बतौर ड्राइवर रिटायर हुए हैं और इन दिनों वह आटो चलाते हैं। परिवार में पत्नी के अलावा बेटी व बेटा थे।

बेटी की कुछ समय पहले हुई शादी

बेटी की कुछ समय पहले शादी हो चुकी है, ऐसे में वह पत्नी व बेटे हरविंदर सिंह जग्गी के साथ रहते थे। हरविंदर सिंह जग्गी विदेश जाने की तैयारी कर रहा था। बुधवार को वह रोजाना की तरह काम पर गए थे और शाम करीब चार बजे घर लौटे। घर लौटने पर दरवाजा से अंदर बंद पाया और आवाज लगाने पर भी कोई नहीं आया। फोन करने पर काल अटेंड नहीं की और कुंडी अंदर से लगी हुई थी। इस पर गुरमन सिंह ने नजदीक रहने वाले अपने भाई और पड़ोसियों की मदद से कुंडी तोड़कर दरवाजा खोला। अंदर पहुंचे तो देखा कि फर्श पर खून ही खून बिखरा हुआ था। मां व बेटे दोनों के शव बाथरूम में पड़े थे, जिसके बाद पुलिस को सूचित कर दिया।

नशे का आदी था मृत बेटा हरविंदर सिंह

मरने वाले हरविंदर सिंह के शारीरिक जांच में पुलिस ने उसके शरीर के कई हिस्सों में सुइयों के निशान पाए हैं, जिससे आशंका जताई है कि वह नशे का आदी था। घर का दरवाजा अंदर से बंद था तो हरविंदर सिंह की भूमिका शक के दायरे में है। घर के कुछ हिस्सों में कई इंजेक्शन मिले हैं, जिस वजह से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे व अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।

गुरमन के तीनों भाईयों के घर हैं आसपास

गुरमन सिंह के घर की एक तरफ खाली प्लाट है, जबकि पिछले हिस्से में घर बने हुए हैं। वहीं गुरमन सिंह के दोनों भाईयों के घर साथ-साथ हैं, जिस वजह से बाहरी व्यक्ति के घर के अंदर दाखिल होने की संभावना काफी कम है। घटना के बारे में पड़ोस में रहने वाले भाईयों को भी पता नहीं चल पाया। घटना के दौरान गुरमन सिंह काम पर थे और वे शाम करीब चार बजे घर लौटे थे। ऐसे में घर में मां और बेटा ही थे।

घसीटकर शव बाथरूम तक ले जाए गए

पुलिस की शुरुआती जांच की समीक्षा के बाद एसपी सिटी मोहम्मद सरफराज आलम ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि कत्ल के बाद शव को घसीटते हुए बाथरूम तक ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि मरने वालों के सिर और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर तेजधार हथियार के घाव मिले हैं। उन्होंने कहा कि फिलहाल मौके पर किसी भी तरह के लूट के सुराग नहीं मिले हैं। घटनास्थल पर जांच जारी है।