गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में लोनी कोतवाली क्षेत्र के प्रकाश विहार कॉलोनी में घर में खेल रहे डेढ़ साल के मासूम ने पानी समझकर थिनर पी लिया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, मूलरूप से अलीगढ़ के रहने वाले अनिल कुमार परिवार के साथ प्रकाश विहार कॉलोनी में रहते हैं। वह लोनी के प्राइवेट हॉस्पिटल में काम करते हैं। बृहस्पतिवार को उनके घर में पुताई का काम चल रहा था। कविता रसोई में खाना बना रही थी। बेटा दक्ष कुछ दूरी पर खेल रहा था। खेलने के दौरान दक्ष ने पानी समझकर वहां रखा थिनर पी लिया। तभी कविता को दक्ष के रोने की आवाज सुनाई दी। कविता पास पहुंची तो देखा थिनर बिखरा हुआ था। बेटे की तबीयत खराब होने पर उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर दक्ष को दिल्ली के सेंट स्टीफन हॉस्पिटल ले जाया गया।