प्रयागराज: पिछले 14 दिनों से जारी भीषण गर्मी का दौर अब थमने के पूरे आसार बन गए हैं। मंगलवार को सुबह से बादलों ने आसमान में डेरा जमा लिया है। कभी धूप तो कभी छांव का दौर चल रहा है। छह जून से लू का प्रकोप शुरू हुआ था।

इसके बाद से ही सुबह 10 बजे तक पारा 37 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाता था पर मंगलवार को यह 31 डिग्री सेल्सियस है। आर्द्रता भी बढ़कर 50 प्रतिशत तक हो गई है। इसकी वजह से उमस महसूस हो रही है।

गरज के साथ बारिश की संभावना

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बुधवार को गरज के साथ वर्षा की संभावना बनी हुई है इससे लोगों को गर्मी से जल्दी राहत मिल सकती है छह जून से भीषण गर्मी और लू का दौर शुरू हुआ है। करीब 14 दिनों से गर्म हवाएं प्रयागराज को झुलसा रही हैं। लगातार पारा 43 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। तीन दिन पारा 45 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर चला गया था।

सोमवार को अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री ऊपर था। एक सप्ताह सेे न्यूनतम तापमान भी 30 से 32 डिग्री के बीच रह रहा है। इससे रातें भी लगातार गर्म रहीं। इन सबके बीच मंगलवार को मौसम बिल्कुल अलग रहा। हवाएं चल रही है पर इसमें अन्य दिनों की अपेक्षा नरमी ज्यादा है। आर्द्रता भी लगातार बढ़ रही है।

चक्रवात की वजह से मानसून पर पड़ेगा प्रभाव

इलाहाबाद विश्वविद्यालय वायुमंडलीय एवं जलवायु विभाग के प्रमुख प्रो. सुनीत द्विवेदी का कहना है कि प्रयागराज में मानसून 20 से 22 जून के बीच आता है। चक्रवात बिपर्जय की वजह से मानसून पर असर पड़ा है। इस बात की पूरी संभावना है कि 21 जून से राहत मिलेगी। आमतौर पर बादल छाए रह सकते हैं और गरज के साथ बारिश या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। इससे तापमान कम होगा। ऐसा रहेगा अगले पांच दिनों का मौसम मंगलवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

21 जून को अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री, 22 जून को अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है। 23 और 24 जून को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।