झारखंड में पिछले 24 घंटों के दौरान एक-दो स्थानों पर बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई है। बिहार की भांति झारखंड में भी मानसून कमजार पड़ चुका है।

इसकी वजह से अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना रहा और इस बीच अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। सबसे अधिक तापमान गोड्डा का 35.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, पिछले 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक बारिश 0.2 मिलीमीटर धनबाद के पुटकी में दर्ज की गई, जबकि अन्य हिस्सों में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई।

3 सितंबर को बरसेंगे मेघ

रांची मौसम विभाग के अनुसार, 3 सितंबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। अगले 2 से 3 दिनों के दौरान तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।

29 और 30 अगस्त को राज्य के उत्तरी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है, जबकि 31 अगस्त को उत्तर-पश्चिमी और निकटवर्ती मध्य भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।

चतरा का मौसम

चतरा में आज यानी मंगलवार को मौसम सामान्य रहेगा। वर्षा की संभावना कम है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सोमवार की तरह रहेगा।

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला का मौसम

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में मंगलवार को दिन भर आसमान में हल्के बादल छाये रहेंगे। शाम के समय वर्षा की भी संभावना है।

पलामू, गढ़वा व लातेहार का मौसम

पलामू, गढ़वा व लातेहार में देर शाम हल्की वर्षा होने पर तापमान में गिरावट आई है। इस कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से थोड़ी राहत मिली है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

कोडरमा का मौसम

कोडरमा में आसमान साफ रहेगा। कभी-कभी बादल छाए रह सकते हैं। अगले तीन दिनों में तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी की संभावना है।