बिहार : आरा में एक शादी समारोह में नाचने के दौरान गाना की फरमाइश का विरोध करने पर बदमाशों ने जूनियर इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना कृष्णगढ़ ओपी के जगतपुर पकड़ी गांव की है। मृतक की पहचान उमेश कुमार सिंह के पुत्र अभिषेक कुमार सिंह उर्फ भास्कर (23) के रूप में की गई है। 

परिजनों का कहना है कि अभिषेक कुमार सिंह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर जेई के पद पर कार्यरत थे। जगतपुर पकड़ी गांव के अजय सिंह के पुत्री की शादी थी। इसी शादी में नाच का प्रोग्राम किया गया था। नाच देखने गांव के आसपास के कुछ अन्य असमाजिक तत्व लोग भी आए थे। नाच के दौरान बदमाशों ने फरमाइश गाने पर नाचने की बात कही जिसपर अभिषेक कुमार सिंह ने विरोध किया। अभिषेक कुमार सिंह के द्वारा विरोध किया जाना उन बदमाशों को अच्छा नहीं लगा। इसी बात को लेकर अभिषेक कुमार सिंह और उन लोगों के बीच विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना हो गया कि वे सारे लोग अभिषेक कुमार पर हावी होने लगे लेकिन शादी समारोह में आए अन्य लोगों ने बीच बचाव करते हुए किसी तरह मामले को शांत करवा दिया और फिर कार्यक्रम शुरू हो गया । 

जिन युवकों के साथ अभिषेक कुमार का विवाद हुआ था वो लड़के उस समय वहां से उठ कर चले गए और थोड़ी देर बाद हथियार के साथ वापस लौटे। वापस लौटते ही वे लोग अभिषेक के साथ फिर से विवाद करने लगे। इसी दौरान बदमाशों ने अभिषेक उर्फ भास्कर को गोली मार दी और वहां से फरार हो गए। गोली चलते ही वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया । लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि उन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।